नवगछिया । खरीक प्रखंड के भवनपुरा पंचायत के मैरचा गांव में रविवार दोपहर अचानक कोसी नदी का भीषण कटाव शुरू हो गया। देखते ही देखते 10 लोगों का घर नदी में कटकर समा गया। वहीं कई घर पूरी तरह कटाव के मुहाने पर आ गया। नदी में जिनके घर कटकर बह गए उनमें महंत दास, गुरुदेव साह, संजय दास, विलक्षण दास, भवेश दास, शंकर साह, फूलो साह, अर्जुन दास, ब्रह्मदेव साह, नारायण दास शामिल हैं।
Total Downloads: 78
कटाव के कारण नदी किनारे स्थित दो बिजली के खंभे भी नदी में समा गये। जिसके कारण सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रभावित क्षेत्र भर में बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। ग्रामीण संजय कुमार और पंचायत समिति सदस्य पिंकी देवी ने बताया कि कटाव की रफ्तार काफी तेज है। अगर कटाव निरोधी कार्य शीघ्र युद्धस्तर पर नहीं चलाया गया तो पूरा गांव ही कटकर कोसी में समा जाएगा।
वहीं, घर को खून-पसीने की कमाई से बनाने वाले आज उसी घर को खुद तोड़कर अपना सामान निकालने में लगे हुए हैं। पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि संजय कुमार ने कटाव की सूचना सीओ निशांत कुमार को दी। सीओ ने बताया कि जिन लोगों के घर नदी में समाए हैं, उनको चिह्नित कर सूची तैयार की जा रही है। सभी पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग किया जाएगा। वहीं कटाव रोकने के लिए तत्काल कटाव स्थल पर बांस-बल्ला दिया जा रहा है।

