नारायणपुर : यात्रियों से भरी बस ईंट लदी ट्रैक्टर से टकराने के बाद सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में 22 यात्री घायल हो गए। यह दुर्घटना एनएच-31 पर नारायणपुर के इंदिरा मंच के पास गुरुवार की सुबह करीब तीन बजे की है। बस पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से छपरा जा रही थी। बस में 36 यात्री सवार थे। सूचना पर भवानीपुर और बिहपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा सभी घायलों को इलाज के लिए पीएचसी नारायणपुर व सीएचसी बिहपुर पहुंचाया।
Total Downloads: 167
मुर्शिदाबाद के बेलडंगा थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांव के निवासी घायल जियासउद्दीन, हयासउद्दीन, आलमगीर अली, अलीमुद्दीन, जुम्मन शेख, हैदर अली, नाजीरबुल शेख, हयात, नजरूल शेख, राहुल मंडल, राकेश कुमार, मो. इसाननेव, करीमउद्दीन और छपरा के मुस्लिम अंसारी का इलाज पीएचसी नारायणपुर में कराया गया। डॉक्टरों ने हयातउद्दीन सहित दो घायलों की गंभीर हालत देख उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं बिहपुर पुलिस ने मुर्शिदाबाद के घायल मो. मंटू, टिटूल शेख, जबरूल शेख सहित अन्य को इलाज के लिए बिहपुर सीएचसी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने तीन लोगों को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। बिहपुर थाना अध्यक्ष राहुल कुमार ठाकुर ने बताया कि सभी खतरे से बाहर हैं। रेफर किए गए पांच यात्रियों को छोड़कर बाकी सभी सभी अपने घर के लिए रवाना हो गए। इधर, भवानीपुर पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बस और ट्रैक्टर के ड्राइवर का पुलिस पता लगा रही है।

