नारायणपुर (भागलपुर)। नारायणपुर प्रखंड के नगरपारा उत्तर पंचायत में एक राशन डीलर और उसके परिजनों पर ग्राहक के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना में करीब 17 वर्षीय संकित आनंद घायल हो गए, जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर में कराया गया।

पीड़ित संकित आनंद ने बताया कि उनकी माता रूबी देवी के नाम पर पाँच यूनिट का राशन कार्ड है। दो दिन पूर्व वह राशन लेने डीलर गिरधारी साह की दुकान पर गए थे। आरोप है कि डीलर गिरधारी साह और उनके पुत्र राजीव ने उन्हें राशन देने से मना करते हुए अंगूठे का निशान लगाने का दबाव बनाया। कहा गया कि राशन बेचकर मंदिर निर्माण किया जाएगा। संकित ने इसका विरोध किया और बिना अंगूठा लगाए राशन लेकर लौट आए।

संकित के अनुसार, सोमवार को वह अपने एक मित्र के साथ डीलर गिरधारी साह के घर के सामने स्थित दुकान पर सामान खरीदने गए थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे गिरधारी साह के कहने पर उनके पुत्र राजीव, गुलशन और संदीप ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान डीलर के घर की छत से ईंटें भी फेंकी गईं, जिससे वह घायल हो गए।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट से पहले उन्हें व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। संकित का कहना है कि डीलर प्रति यूनिट दो किलो कम राशन देता है और निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलता है। शिकायत करने पर डीलर द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जाती।

घटना की सूचना भवानीपुर थाना पुलिस को दी गई है। इस संबंध में थाना प्रभारी शंभु कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और पुलिस द्वारा जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *