नवगछिया । जमीन पर कब्जे के लिए जेल में बंद कुख्यात अपराधी छोटू यादव ने राहुल यादव सहित अन्य भाड़े के भाड़े के शूटरों से प्रॉपर्टी डीलर मिथुन यादव की हत्या करवाई थी। नवगछिया एसपी पूरण कुमार झा ने गुरुवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर जानकारी दी। गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा गांव निवासी टॉपटेन एक लाख रुपये का इनामी फरार कुख्यात राहुल यादव को असम के गुवाहाटी से गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि आदर्श थाना नवगछिया के मकंदपुर चौक के निकट इस्माईलपुर प्रखंड प्रमुख पुत्र मिथुन यादव की हत्या उसने अन्य अपराधियों के साथ मिलकर की थी। एसपी ने बताया कि एनएच-31 पर अपने सहयोगियों के साथ मिथुन यादव गोदाम का निर्माण करवा रहा था। इसी दौरान उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस संबंध में मृतक के पिता के आवेदन पर राहुल यादव वगैरह पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित एसआईटी टीम व एसटीएफ ने संयुक्त छापेमारी में लूट और हत्या के मामले में वांछित अपराधी राहुल यादव पिता कैलाश यादव उर्फ फैशन यादव को असम के गुवाहाटी से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि जेल में बंद छोटू यादव इस जमीन पर कब्जा करना चाहता था। छोटू के कहने पर अन्य सहयोगियों के साथ मिथुन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उन्होंने बताया कि राहुल यादव के बताये गये अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी टीम छापेमारी कर रही है।
हत्या के समय मोटरसाइकिल पर बीच मे था राहुल
एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान राहुल ने घटना के अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि हत्या के समय वह मोटरसाइकिल पर बीच मे बैठा था। घटनास्थल और मकंदपुर चौक पर भी कुछ लाइनर थे। मकंदपुर चौक पर रहे अपराधी ने राहुल को कुर्सेला जाने में मदद की थी। राहुल घटना के एक दिन पहले कामरूप से नवगछिया आया था। उसके बयान और अनुसंधान में बहुत समानता है।

हत्या के लिए 60 हजार एडवांस दिया था
एसपी ने बताया कि राहुल ने पूछताछ में बताया कि हत्या के लिए उसे 60 हजार रुपये एडवांस दिया गया था और पैसे हत्या के बाद दिये जाने की बात थी। हत्या में शामिल सभी अपराधियों की पहचान कर ली गयी है। जल्द ही सभी पकड़े जाएंगे।
पछगछिया बाजार में की थी फायरिंग
पचगछिया बाजार स्थित मार्केटिंग कांप्लेक्स में रंगदारी के लिए फायरिंग की बात को भी राहुल ने स्वीकार की। एसपी ने बताया कि छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा। राहुल पर एक लाख की इनाम की राशि टीम में शामिल निरीक्षक रविशंकर सिंह, थानाध्यक्ष आदर्श थाना नवगछिया पुअनि गौरव कुमार, इस्माईलपुर थाना एसआई संतोष कुमार सिंह, एसटीएफ के मुकेश कुमार व रजनीश कुमार और डीआईयू टीम नवगछिया के बीच बटेगा। इसके अलावे सभी को पांच हजार रुपये से पुरस्कृत किया जाएगा।
राहुल यादव का आपराधिक इतिहास-
1. गोपालपुर थाने में 25 अप्रैल 2013 को धारा 395/397
2. नवगछिया थाने में 20 अगस्त 2016 को धारा 147/148/149/302/120बी व आर्म्स एक्ट
3. नाथनगर थाने में 16 मार्च 2017 को धारा 25(1-बी)/26/35आर्म्स एक्ट एवं 3/4विस्फोटक पदार्थ अधिनियम
4. गोपालपुर थाने में 07 फरवरी 2020 को धारा 384/386/387/504/506/34
5.गोपालपुर थाने में 04 अप्रैल 2020 को धारा 302/34 और आर्म्स एक्ट
6.गोपालपुर थाने में 07 अप्रैल 2020 को धारा 386/387/34
7. नवगछिया थाने में 21 अप्रैल 2020 को धारा 07/353//414/34 व आर्म्स एक्ट
8. गोपालपुर थाने में 15 जनवरी 2021 को धारा 395
9.गोपालपुर थाने में 29 जनवरी 2021 को धारा 302/120(बी)/34
10.गोपालपुर (रंगरा) थाने में 14.दिसंबर 22 को धारा 302/120(बी)/34
11. नवगछिया थाने में 15 फरवरी 23 को धारा 386/387

