बड़े पैमाने पर लॉटरी का अवैध धंधा करने वाले सुमित कुमार, रतन स्वर्णकार व धीरज स्वर्णकार उर्फ छोटू के खिलाफ एफआईआर दर्ज
नवगछिया नगर, बिहपुर, खरीक, नारायणपुर व रंगरा तक है धंधेबाजों का नेटवर्क, घूम-घूम कर बेचते हैं इनके वेंडर

लंबे समय से चल रहे लॉटरी के अवैध कारोबार में नगर के कुछ व्यापारी भी शामिल हैं, इसका खुलासा पुलिस ने पहली बार किया है। सोमवार को पकड़े गए इस धंधे से जुड़े लॉटरी के अवैध वेंडर शिवम कुमार व अजीत सिंह ने इसमें शामिल सभी व्यापारियों के नामों का खुलासा कर दिया, जिसे पुलिस ने भी सार्वजनिक कर दिया। बड़े पैमाने पर लॉटरी का अवैध धंधा करने वाले कारोबारी सुमित कुमार, रतन स्वर्णकार व धीरज स्वर्णकार उर्फ छोटू के विरुद्ध पुलिस ने नवगछिया थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।

नाम आने के बाद ही ये अवैध धंधेबाज फरार हो गए। पुलिस इनकी गिरफ्तारी को लेकर इनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। नाम सामने आने के बाद ही पुलिस ने नगर में इनके ठिकानों पर दबिश दी थी, लेकिन ये वहां से भागने में कामयाब हो गए। सूत्रों की मानें तो नवगछिया में प्रतिदिन 20 लाख के आसपास लॉटरी का अवैध कारोबार होता है। नगर के लगभग गली में इसके वेंडर रहते हैं और लोगों को सब्जबाग दिखाकर टिकट बेचते हैं। नवगछिया स्टेशन के चाय, पान दुकानों के अलावे सब्जी मंडी में यह वेंडर आसानी से लोगों को प्रलोभन देकर लॉटरी टिकट बेचते हैं।

पुलिस का दावा -जल्द गिरफ्त में होंगे फरार तीनों कारोबारी

नवगछिया थानाध्यक्ष राजकपूर कुशवाहा ने बताया कि लॉटरी के अवैध कारोबार में संलिप्त उक्त तीनों कारोबारियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। दावा किया कि जल्द ही पुलिस इन्हें गिरफ्तार कर लेगी। थानाध्यक्ष ने कहा कि इस कारोबार में नगर में और भी वेंडर कार्य में संलिप्त हैं, पुलिस उन्हें भी चिह्नित कर रही है। एसपी निधि रानी ने कहा कि लॉटरी के अवैध कारोबार में संलिप्त कारोबारियों को गिरफ्तार करने की जवाबदेही नवगछिया थानाध्यक्ष को दी गई। जल्द ही फरार कारोबारी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

सब्जबाग दिखा वर्षों से लोगों को लूट रहे थे अवैध धंधेबाज

नवगछिया में अवैध लॉटरी के धंधेबाज सपनों का सब्जबाग दिखाकर लोगों को लूटते आ रहे थे। यह अवैध कारोबार नवगछिया नगर सहित पुलिस जिले के रेलवे स्टेशन के नजदीक के बाजार जैसे बिहपुर व नारायणपुर में भी बड़े पैमाने पर फैल चुका था। इस कारोबार में नवगछिया नगर में लॉटरी के चार अवैध कारोबारी हैं, जो बड़े पैमाने पर लॉटरी टिकट मंगवाते हैं। इसके अलावे नगर में दो दर्जन से अधिक वेंडर हैं, जो इन दुकानों से लॉटरी टिकट खरीद कर बाजार में घूम-घूम कर बेचते हैं। इस कारोबार में नवगछिया नगर, बिहपुर, खरीक, नारायणपुर व रंगरा थाना क्षेत्र के अवैध वेंडर शामिल हैं।

पश्चिम बंगाल से आता है लॉटरी टिकट

नवगछिया में लॉटरी टिकट की आपूर्ति पश्चिम बंगाल से की जाती है। पश्चिम बंगाल के मालदह टाउन से नवगछिया के विभिन्न एजेंसी को टिकट की आपूर्ति की दी जाती है। लॉटरी टिकट की आपूर्ति होने के बाद यहां के स्थानीय थोक विक्रेता घूम-घूम कर बेचने वाले वेंडरों को टिकट की आपूर्ति करते हैं।

50 रुपए के टिकट की एक सौ में होती है बिक्री

लॉटरी के इस कारोबार में संलिप्त लोग लगातार अपनी गतिविधि बनाए रखते हैं। प्रतिबंध होने के कारण 50 रुपए के लॉटरी टिकट की बिक्री एक सौ रुपये में की जाती है। एक लॉटरी टिकट में दस टिकट होते हैं।

नेट पर आता है लॉटरी के खेल का रिजल्ट

लॉटरी के इस खेल का रिजल्ट प्रतिदिन इंटरनेट पर उक्त लॉटरी की वेबसाइट पर दोपहर दो बजे तक आ जाती है। जिनकी लॉटरी लग जाती है, तो वेंडर उससे टिकट ले लेता है और उसे पैसे की आपूर्ति करता है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *