नारायणपुर : बारिश के बीच चली तेज हवा के कारण शुक्रवार की रात प्रखंड के रामूचक, बहला और भवानीपुर बहियार में लगी किसानों की 10 बीघा केले की फसल बर्बाद हो गई। तेज हवा के कारण केले के पौधे टूटकर गिर गए। इससे किसानों को बड़े पैमाने पर आर्थिक क्षति हुई है।
Total Downloads: 47
बलहा के किसान विनय साह ने बताया कि साढ़े चार बीघा में लगी केले की फसल बर्बाद हो गई। इससे करीब 3 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं किसान जितेंद्र साह ने बताया कि उनके खेत में भी दो बीघा में फसल लगी थी। सभी पौधे टूटकर गिर गए। इससे मुझे दो लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
इसी तरह से सुरेंद्र सिंह, दिलीप सिंह, सतीश सिंह सहित करीब आठ किसानों की फसल बर्बाद हो गई है। केला का पौधा टूट कर खेत में गिरा है लेकिन अब तक कृषि विभाग का कोई अधिकारी या कर्मी किसानों से मिलकर या खेत में जाकर जांच करना उचित नहीं समझा। पीड़ित किसानों ने बताया कि हम महाजन से कर्ज लेकर खेती किए थे। अब महाजन को कहां से पैसे देंगे। केला बेचकर ही हम अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

इस बार अच्छी फसल लगी थी, लेकिन बारिश ने हमारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इधर, शनिवार को कृषि समन्वयक मनोज कुमार ने कहा कि इस बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। जिला कृषि कार्यालय से निर्देश मिलने पर नुकसान का आकलने करने के बाद जिले को रिपोर्ट भेजी जाएगी। मुआवजा मिलता भी है तो वह आपदा से मिलेगा जो सीओ के स्तर से होता है। जिसमें कृषि विभाग केवल जांच करेगा। फिलहाल इस संबंध में कोई निर्देश नहीं मिला है।
