नवगछिया : मंगलवार की रात विक्रमशिला पुल पर हाइवा के खराब होने से भीषण जाम लग गया। रात लगभग नौ बजे पुल पर पाया संख्या 116 के पास हाइवा का हैंगर टूट गया जिसके बाद गाड़ी वहीं खड़ी हो गई। हाइवा के खराब होते ही वाहनों की आवाजाही रुक गई और भीषण जाम लग गया। जाम लगने के बाद भागलपुर और नवगछिया की तरफ न सिर्फ पुल पर बल्कि पहुंच पथ पर भी वाहनों की लंबी कतार लग गई। छोटे वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो गया। नवगछिया और भागलपुर की तरफ आने-जाने वाले सैकड़ों लोग देर रात तक जाम में फंस रहे। नवगछिया से आने वाले एम्बुलेंस भी जाम में फंसा दिखाई दिया।
विक्रमशिला टीओपी प्रभारी विशेष कुमार ने बताया कि खराब हुए हाइवा को क्रेन से खींचना भी मुश्किल था इसलिए उसे ठीक करवाया गया। उन्होंने बताया कि जिस जगह पर हाइवा खराब हुआ वहां पर पुलिस जवान की तैनाती कर ट्रैफिक को वन-वे करके वाहनों को निकाला जा रहा था। पुल पर दोनों तरफ वाहनों की संख्या ज्यादा होने की वजह से ट्रैफिक को वन-वे करने के बाद भी पुल पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रभावित रहा।
भागलपुर की तरफ विक्रमशिला पहुंच पथ और जीरोमाइल चौक के साथ ही सबौर रोड में भी काफी संख्या में वाहन जाम में फंसे रहे। विक्रमशिला पुल होते हुए गुजरने के इंतजार में लोदीपुर बायपास तक ट्रकों की लंबी लाइन लगी रही। गौरतलब है कि ट्रकों के खराब होने और ओवरटेक करने की वजह से ही विक्रमशिला पुल पर जाम लगता रहा है। जाम से निजात दिलाने को हाल ही में प्रमंडलीय आयुक्त ने भी उपाय करने को कहा था।


