नवगछिया : नवगछिया प्रखंड के विक्रमशिला सेतु के पहुंच पथ की सहायक सड़क तेतरी दुर्गा स्थान जाह्नवी चौक 14 नंबर सड़क पर तेतरी कलबलिया धार के पास रिसाव रविवार को भी जारी था. रिसाव को रोकने के लिये क्षतिग्रस्त स्थल पर मिट्टी और बालू देने का कार्य किया जा रहा है. दूसरी तरफ कलबलिया धार का पानी बड़ी तेजी से विक्रमशिला सेतु के एप्रोच पथ की ओर फैल रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि अभी कलबलिया धार में अच्छी तरह से गंगा का पानी उतरा नहीं है. जब अभी रिसाव को रोकने में पथ निर्माण विभाग सक्षम नहीं है तो आये दिन जब जल स्तर का दवाब बढेगा तो स्थिति अनियंत्रित हो जाएगी. ग्रमीणों के अनुसार स्थिति भयावह है.

कहीं पिछले वर्ष जैसे हालात का सामना न करना पड़ जाय. मालूम हो कि पिछले वर्ष कलबलिया धार देर रात एकाएक धसान का शिकार हो गया था. जिसमें एक ऑटो और एक चार चक्का वाहन के भ जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी थी. जबकि करीब एक माह तक सड़क पर आवागमन पूरी तरह से ठप रहा था. ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष सड़क ध्वस्त होने के एक महीने बाद जब जल स्तर कम हो गया तो पथ निर्माण विभाग से ध्वस्त सड़क को ईंट से भर कर चलने लायक बना दिया था और सड़क को यूं ही छोड़ दिया गया.

करीब छः माह पहले विभाग द्वारा सड़क के दोनों तरफ बोल्डर पिचिंग का कार्य शुरू करवाया. ग्रामीणों ने कहा कि एक माह पहले ही कार्य पूरा हुआ है और ऐसा घटिया कार्य किया गया कि जल स्तर के पहले चरण का भी दवाब नहीं झेल पाया और अब रिसाव शुरू हो गया है. मालूम हो कि उक्त सड़क ध्वस्त होने के बाद नवगछिया और इस्माइलपुर के लगभग 20 गांव के लोगों का अनुमंडल मुख्यालय से संपर्क भंग हो जाता है. सैकड़ों एकड़ की लगी फसल तबाह हो जाती है और विक्रमशिला सेतु पर जल स्तर का अत्यधिक दबाव हो जाता है.

यह सड़क ध्वस्त हो जाने के बाद विक्रमशिला सेतु पथ पर वाहनों का दवाब भी बढ़ जाता है और हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है. भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, नीरज सिंह, मनोज सिंह, विलाश राम, दिनकर सिंह, गौतम कुमार, धर्मदेव रजक, संजय राय, विजय झा, छोटू राय, गणेश झा, टुनटुन नेता, राजकुमार मंडल आदि ग्रामीणों ने जल्द से जल्द रिसाव पर काबू करने की मांग की है. इधर पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रण में होने की बात कही है.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *