नवगछिया : झंडापुर के बड़ी काली मंदिर की दान पेटी तोड़कर एक फरवरी को चोरों ने रुपए चुरा लिए थे। इस मामले में पुलिस ने सोमवार की रात आरोपी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। दीपक खगड़िया जिला के गोगरी थाना क्षेत्र के चांदपुर का रहने वाला है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से विभिन्न मंदिरों से चोरी किए गए चांदी के 6 पायल, सोने की 4 नथिया, एक मांगटीका और 1094 रुपए के अलावा घटना में प्रयुक्त हेक्सा बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी ने नवगछिया के विभिन्न मंदिरों में चोरी करने की बात स्वीकारी है।

एसपी प्रेरणा कुमार ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि काली पूजा समिति के अध्यक्ष सत्यम कुमार के ने झंडापुर थाना में केस दर्ज कराया था। जांच के लिए एसडीपीओ ओमप्रकाश के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। सोमवार की शाम करीब 5 बजे 14 नंबर सड़क पर महंथ स्थान के पास वाहन जांच के दौरान एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास से हेक्सा ब्लेड और लोहे का रड मिला। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

कई मंदिरों में चोरी की घटना को दे चुका है अंजाम गिरफ्तार आरोपी दीपक कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। एसपी ने बताया कि उसने पिछले वर्ष 25 दिसंबर को रंगरा के भवानीपुर स्थित काली मंदिर में दानपेटी तोड़कर चोरी की थी। इसके अलावा नारायणपुर के बीरबन्ना के हनुमान मंदिर और काली मंदिर में भी चोरी की थी। इसी वर्ष 8 जनवरी को झंडापुर के मड़वा स्थित बाबा बज्रलेश्वर मंदिर की दानपेटी तोड़ रुपए चुराया था।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....