नवगछिया : मक्के के खेत में एक महिला का शव मिला है। घटना झंडापुर थाना क्षेत्र के बिहपुर जमालपुर पंचायत के वार्ड चार स्थित पासी टोला की है। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे कुछ लोग खेत की ओर गए तो महिला का शव देखा। इसके बाद परिजनों को इसकी सूचना दी। मरने वाली की पहचान इसी गांव के निवासी फगिया देवी (30), पति मंगल ऋषिदेव के रूप में हुई है। परिजनों की सूचना पर झंडापुर थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार और एसडीपीओ ओमप्रकाश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की।

इसके बाद फॉरेंसिक की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य इकट्ठा कर जांच के लिए ले गई। महिला की सास कमलेश्वरी देवी ने पुलिस को बताया कि सोमवार की शाम करीब 5 बजे बहू घर से निकली थी। सुबह ग्रामीणों ने सूचना दी कि शव मक्के के खेत में पड़ा है। महिला के गले पर काला निशान है। सास सहित बहन फोकनी देवी, बेटी राखी कुमारी ने हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हत्या के बाद उसका शव मक्के के खेत में अपराधियों ने फेंक दिया। मृतका के छोटे बेटे श्याम कुमार रो-रोकर गांव के ही एक व्यक्ति का नाम ले रहा था। पति दूसरे राज्य में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भिजवा दिया। एसडीपीओ ओमप्रकाश ने कहा कि परिजनों ने अब तक आवेदन नहीं दिया है। फिर भी मामले की जांच की जा रही है।

बिहपुर में रेल पटरी किनारे मिला अज्ञात वृद्ध का शव नारायणपुर। बिहपुर स्टेशन से कुछ दूर नन्हकार ढाला के पास ट्रैक किनारे अज्ञात बुजुर्ग का शव लोगों ने देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर बिहपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की। लेकिन किसी ने शव की पहचान नहीं की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टामार्टम के लिए नवगछिया अनुमं​डलीय अस्पताल भिजवा दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रेन से गिरने या पटरी क्रॉस करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा। इसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....