रंगरा ओपी के भवानीपुर गांव निवासी फोटो पंडित के 16 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार का शव रेल ट्रैक के पास मदन अहिल्या कॉलेज से कुछ दूरी पर बरामद किया गया है। मृतक के चेहरे पर गहरे जख्म हैं तो सिर के पीछे भी गंभीर चोट के निशान है। एक हाथ टूटा हुआ है। सुबह लोगों ने शव को देखा। भवानीपुर के लोगों ने मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन युवक के शव को लेकर घर चले गए। फिर मामले की सूचना रंगरा, जीआरपी नवगछिया और नवगछिया आदर्श थाने को दी। विभिन्न क्षेत्रों की पुलिस के बीच घंटों क्षेत्राधिकार को लेकर विवाद की स्थिति रही।
एसडीपीओ दिलीप कुमार की पहल पर मामले की प्राथमिकी नवगछिया रेल थाने में दर्ज करायी गयी। जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। देर शाम पुलिस ने भवानीपुर गांव के ही मीना देवी, उसके पति बुट्टन साह और पुत्र बजरंगी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस मामले की जांच रेल हादसा और हत्या दिनों दृष्टिकोण से कर रही है। जीआरपी थानाध्यक्ष शत्रुघ्न प्रसाद ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।बेटे की मौत के बाद मां आशा देवी, बहन पूजा कुमारी और भाई गुड्डू का रो रो कर बुरा हाल था।

मंगलवार को दोस्त से हुआ था झगड़ा, उसकी मां ने दी थी धमकी
मृतक के चाचा मिथुन कुमार और सोनू पंडित का कहना है कि मंगलवार को सन्नी का गांव के ही बुट्टन साह के पुत्र बजरंगी से झगड़ा हुआ था। शाम में बजरंगी की मां मीना देवी ने उनलोगों को कहा कि सन्नी ने बजरंगी के साथ मारपीट की है इसलिये सन्नी की हत्या कर दी जाएगी। मिथुन और सोनू ने कहा कि बच्चों के बीच झगड़े का मामला था इसलिये उनलोगों ने हल्के से लिया। लेकिन सच मे मीना देवी ने सन्नी की हत्या दी। सुबह जब वे लोग मीना देवी के घर पर गए तो उसने कहा कि अब जो हो गया हो गया, वह मुआवजा देने को तैयार है। केस मुकदमा नहीं करो।


