नारायणपुर में शनिवार को श्री श्याम फाल्गुनोत्सव के अवसर पर खाटू वाले श्याम की भव्य निशान शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे और फूलों की होली के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय रंग में रंग दिया। राजस्थानी परंपरा के अनुसार महिलाएं मंगलगीत गाते हुए चल रही थीं, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया।
शोभायात्रा में एक आकर्षक रथ पर खाटू श्याम बाबा को विराजमान किया गया था। रथ के पीछे उनकी मनोहारी झांकी सजाई गई थी और श्रद्धालु हाथों में रंग-बिरंगे निशान लेकर जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। जिस भी मार्ग से यात्रा गुजरी, वहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
श्री कृष्ण विवाह भवन बलाहा से निकली इस शोभायात्रा का उद्घाटन नारायणपुर उप प्रमुख अशोक यादव, प्रमुख प्रतिनिधि मंटू यादव (बाबा), व्यवसायी गोपाल मिश्र और निर्मल जैन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। संजू बाबा ने फूलों से स्वागत किया। यह यात्रा मधुरापुर बाजार होते हुए बलहा बजरंग बली मंदिर पहुंची और वहां से पदयात्रा करते हुए मारवाड़ी ठाकुरवादी बलहा में समाप्त हुई।

इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और भजन संध्या का आयोजन भी हुआ। रोमा निषाद और हेमंत बृजभाषी ने मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को भावविभोर कर दिया। आयोजन में विभिन्न समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भंडारे का भी आयोजन किया गया।

