नवगछिया : नवगछिया सहित आसपास के इलाकों में स्थापित मां शारदे की प्रतिमाओं का विसर्जन धूमधाम व बाजे गाजे के साथ किया गया. इस मौके पर भक्तों ने नम आंखों से विद्या की देवी माता सरस्वती को विदाई दी. माता की प्रतिमा के विसर्जन के मौके पर मां बहनों ने परंपरा के अनुसार माता का खोइच्छा भरा और विदाई लोक गीत गाकर उन्हें विदाई दी. नवगछिया शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में स्थापित माता की लगभग सभी प्रतिमाओं का विषर्जन सोमवार को हो चुका था. कुछ स्थानों पर माता की प्रतिमा आज भी स्थापित है.
Total Downloads: 107
उन प्रतिमाओं का विसर्जन मंगलवार को होगा. नवगछिया शहर के सावित्री पब्लिक स्कूल, बालभारती विद्यालय, जीबी कॉलेज सहित बाजार में अन्य स्थानों पर स्थापित माता की प्रतिक्रिया का विसर्जन सोमवार को किया गया. विसर्जन से पूर्व सावित्री पब्लिक स्कूल में सामूहिक रूप से विद्यालय परिवार के सदस्यों ने हवन कुंड में आहूति देकर ईश्वर से देश मे अमन चैन की दुआ मांगी. नवगछिया के सावित्री पब्लिक स्कूल, बालभारती विद्यालय में स्थापित माता की प्रतिमा का विसर्जन नवगछिया गोपाल गौशाला स्थित पोखर में किया गया. जबकि शहर में अन्य स्थानों पर स्थापित प्रतिमाओं का विसर्जन गोशाला पोखर, इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय के पौखर में किया गया.

विसर्जन के दौरान भक्त माता के जयकारे से पूरा वातावरण भक्तिमय हो रहा था. रंग गुलाल उड़ाते माता के गीतों पर झूमते हुए भक्तों ने माता की प्रतिमा को विसर्जित किया. सोमवार को नवगछिया के पकरा, तेतरी, खगड़ा सहित अन्य गांव में स्थापित प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया. विसर्जन के दौरान नवगछिया पुलिस मौके पर मौजूद थी. पुलिस की देख रेख में माता की प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण विसर्जन किया गया. नवगछिया थाना अध्यक्ष लालबहादुर ने बताया कि सोमवार को थाना क्षेत्र में लगभग प्रतिमा का विसर्जन हो गया है. कुछ स्थानों पर प्रतिमा स्थापित है. जिसका विसर्जन मंगलवार को होगा. इसको लेकर आयोजन समिति को आवश्यक निर्देश दे दिया गया है.

