नवगछिया : उफनाई गंगा में कई दिनों से लगातार जलस्तर वृद्धि से गोपालपुर और इस्माईलपुर में स्थिति भयावह हो गई है। गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि ने विकराल रूप धारण कर लिया है। गोपालपुर प्रखंड मुख्यालय पहले ही पानी में डूब गया है, और थाना तथा अस्पताल परिसर भी पानी से लबालब है।

Whatsapp group Join

रविवार को नवगछिया से तीनटंगा जाने वाली सड़क पर नवटोलिया, लतरा, पचगछिया और धरहरा के पास कई जगह पानी ओवरफ्लो होकर सिपेज करने लगा। लतरा और चपरघट के पास सड़क पर हो रहे धसान से अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। बांध से सटे विस्थापित लोग हर दिन अपने आशियाने को ऊंचे स्थान पर बदलने के लिए मजबूर हैं।

सैदपुर मंदिर परिसर में पानी ओवरफ्लो होने से यह क्षेत्र संवेदनशील हो गया है। पचगछिया, लतरा, लतीपाकर, धरहरा, अभिया, डिमाहा और सैदपुर पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। इसमें प्रशासन की व्यवस्था की तैयारी नाकाफी साबित हो रही है। सैदपुर के ग्रामीणों ने रविवार को जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पीड़ितों ने बताया कि वे तीन दिनों से अपने घरों में कैद हैं, भूखे-प्यासे जीवन बिता रहे हैं। स्थानीय पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि अब तक सुध लेने नहीं आए हैं। इससे बड़ी विडंबना और क्या हो सकती है। फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिल रहा है।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *