नवगछिया : नवगछिया में हाल के दिनों में दुर्घटना में हुई वृद्धि के मद्देनजर पुलिस स्तर से पहल शुरू कर दिया गया है. रविवार को इस दिशा में एसपी निधि रानी के निर्देश पर पुलिस जिले के मकंदपुर चौक के पास नवगछिया पुलिस द्वारा पुलिस मुख्यालय से मिले स्पीड मापक यंत्र को लगाकर वाहनों के स्पीड की जांच की गई. एसपी के निर्देश पर नवगछिया पुलिस मुख्यालय के सार्जेंट जयप्रकाश पंडित के नेतृत्व में वाहनो की जांच की गई.
Total Downloads: 105
पुलिस की इस कार्रवाई में एनएच 31 पर हाई स्पीड चलने वाले 15 दो पहिया वाहनों को चिन्हित किया. हाई स्पीड चलने वाले सभी चिन्हित किए गए दो पहिया वाहनों को जुर्माना किया गया. सार्जेंट जयप्रकाश पंडित ने बताया कि हाई स्पीड चलने वाले सभी 15 वाहन चालकों से 25 सौ रुपये जुर्माना की राशि वसूल की गई.

मालूम हो कि हाल के दिनों में नवगछिया पुलिस जिले में सड़क दुर्घटना में व्यापक वृद्धि हुई है. पिछले 15 दिनों में सड़क दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि दर्जनों लोग सड़क दुर्घटना में घायल होकर अपंगता का शिकार हुए हैं. सड़क दुर्घटना को देखते नवगछिया एसपी ने इस दिशा में पहल करते हुए स्पीड मापक यंत्र से वाहनो की जांच शुरू की है.
एसपी निधि रानी ने कहा कि पुलिस द्वारा यह अभियान के तहत चलाया जाएगा. पुलिस जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में यह अभियान चलाया जाएगा एवं तेज गति से वाहन चलाने वालों को जुर्माना किया जाएगा.

