बिहपुर प्रखंड के मिल्की गांव में दाता मांगन शाह का सात दिवसीय उर्स आगामी 5 फरवरी से आयोजित किया जाएगा। उर्स को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर शनिवार को उर्स कमेटी और प्रशासन ने संयुक्त रूप से तैयारियां शुरू कर दी हैं।
Total Downloads: 166
इस क्रम में दाता की मजार परिसर स्थित सामुदायिक भवन में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीओ रोहित कर्दम एवं एसडीपीओ ओमप्रकाश ने कहा कि उर्स के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
एसडीओ ने बताया कि जायरीनों की संभावित भीड़ को देखते हुए पूरे उर्स क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। मेला परिसर एवं प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। महिला एवं पुरुष पुलिस बल के साथ-साथ उर्स इंतेजामिया कमेटी के अधिकृत स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी।

बैठक में जायरीनों की सुविधा को लेकर पेयजल, रोशनी, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस एवं अग्निशमन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि बाहर से आने वाले जायरीनों के ठहरने के लिए नजदीकी विद्यालयों में व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा बिहपुर में रुकने वाली ट्रेनों के ठहराव समय को बढ़ाने का प्रस्ताव भी रखा गया।
शांति समिति की बैठक की अध्यक्षता मो. इरफान आलम ने की। मौके पर बीडीओ सत्यनारायण पंडित, सीओ लवकुश कुमार, सीएचसी प्रभारी डॉ. मुरारी पोद्दार सहित अन्य प्रशासनिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
