तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय द्वारा पूर्व में जारी किए गए पार्ट-3 के परीक्षा प्रोग्राम की निर्धारित तिथि से एक दिन पूर्व ही परीक्षा हो गई। इसको लेकर बीएलएस कॉलेज नवगछिया के वंचित परीक्षार्थियों ने शुक्रवार को जमकर हंगामा किया।.

हंगामा कर रहे छात्रों को प्राचार्य मो. नईमउद्दीन ने समझाकर शांत किया। बीएलएस कॉलेज नवगछिया एवं भ्रमरपुर कॉलेज के करीब 150 छात्र-छात्राओं की परीक्षा छूट गई। छात्रों ने पुन: तिथि निर्धारित कर इन विषयों की परीक्षा लेने की मांग की। प्राचार्य ने बताया कि छात्रों के भविष्य को देखते हुए वरीय पदाधिकारियों को इस पर विचार करना चाहिए। मौके पर छात्र जयंत कुमार, विकास कुमार, प्रवीण कुमार, गौरव कुमार, रूबी कुमारी, खुशबू कुमारी आदि छात्र मौजूद थे।.

जेपी कॉलेज परीक्षा केन्द्र पर वंचित छात्रों ने किया प्रदर्शन : नारायणपुर : प्रखंड के जेपी कॉलेज नारायणपुर में भी शुक्रवार को स्नातक पार्ट थ्री की परीक्षा से वंचित छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्र पवन, अजय, रविश, हिमांशु, गुलशन, हेमंत आदि ने नई तिथि घोषित करने की मांग की। प्रभारी प्राचार्य प्रो. शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि इसकी जानकारी विवि को दी जाएगी।.

स्नातक पार्ट-3 के ऑनर्स पेपर की परीक्षा छूट जाने से आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय में जमकर हंगामा किया और फिर से परीक्षा कराने की मांग की। बड़ी संख्या में छात्रों के भविष्य को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस परीक्षा को दोबारा आठ जुलाई को कराने का निर्णय लिया है।.

सुबह छात्र-छात्राएं केन्द्रों पर परीक्षा देने पहुंचे तो पता चला कि जिस विषय की वे लोग परीक्षा देने आए हैं, वह परीक्षा 27 जून को ही हो चुकी है। इससे वे लोग भड़क गए। उन्हें परीक्षा केन्द्र पर बताया गया कि परीक्षा का पहला कार्यक्रम 24 अप्रैल को जारी हुआ था। इसके बाद उसमें सुधार कर चार मई को दूसरा कार्यक्रम जारी किया गया था। दूसरे कार्यक्रम के अनुसार जो सुधार किया गया था, उसके अनुसार पहले कार्यक्रम के 28 जून को होनेवाली दोनों पालियों की परीक्षा को 27 जून को कर दिया गया था।

लेकिन जिन लोगों ने रिवाइज परीक्षा कार्यक्रम नहीं देखा, उन लोगों की 27 की परीक्षा छूट गई। परीक्षा छूटने से भड़के छात्र विवि पहुंच गए। इन छात्रों ने वहां जमकर हंगामा किया। छात्रों का नेतृत्व कर रहे अंग क्रांति सेना के शिशिर रंजन ने कहा कि विवि की गलती का खामियाजा छात्र क्यों भुगते। उन्हें परीक्षा देने का फिर से विवि मौका दे। हरि सिंह कॉलेज- हवेली खड़गपुर, आरएस कॉलेज, महादेव सिंह कॉलेज, मारवाड़ी कॉलेज, एसडीएमवाई कॉलेज धोरैया आदि के छात्र विश्वविद्याय पहुंचे थे।

इसमें से कई छात्र-छात्राओं ने बताया कि 24 जून को वे लोग एडमिट कार्ड लेने गए थे तो कॉलेजों ने पुराना कार्यक्रम ही साटा था। इसलिए उन्हें नए कार्यक्रम के बारे में कैसे पता चलेगा। इसमें से कुछ छात्रों ने प्रभारी कुलपति प्रो. एलसी साहा से बात कर अपनी समस्या बताई। सकारात्मक आश्वासन के बाद परीक्षार्थी वापस लौट गए।.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *