प्रखंड के इंदरा मंच के पास एनएच 31 पर शनिवार की रात करीब आठ बजे अनियंत्रित ट्रक ने सड़क के किनारे खड़ी महिला को रौंद डाला। महिला को रौंदते हुए चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। ट्रक के पहिये के नीचे महिला के आ जाने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान भ्रमरपुर निवासी दुलार झा की चचेरी बहन नीलू झा के रूप में की गई।

ट्रक के धक्के से महिला की मौत होने के बाद भ्रमरपुर के आक्रोशित ग्रामीणों ने इंदरा मंच के पास एनएच 31 को जाम कर दिया। दुर्घटना में महिला की मौत एवं आक्रोशित ग्रामीणों के द्वारा एनएच 31 जाम कर दिए जाने की सूचना मिलने पर भवानीपुर पुलिस व बिहपुर पुलिस पहुँची। जहां आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर जाम को समाप्त करने की बात करने लगे। लेकिन पुलिस द्वारा किया जा रहा पहल पूरी तरह बेअसर साबित हो रहा था।

आक्रोशित ग्रामीण ने कहा कि एनएच 31 पर होने वाली दुर्घटना के लिए पुलिस जिम्मेदार है। पुलिस की लापरवाही के कारण ही लोगों की जानें जा रही हैं। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस एनएच 31 पर वाहन चालकों पर नियंत्रण करने के बजाय वसूली में मस्त रहती है। आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि जबतक वरीय पदाधिकारी मुआवजे का आश्वासन नहीं देते हैं एनएच 31 जाम रहेगा। देर रात आक्रोशित ग्रामीणों को बिहपुर थानाध्यक्ष रणजीत कुमार, मुखिया प्रतिनिधि प्रसून कुमार मिश्र उर्फ मुन्ना मिश्र, सरपंच प्रतिनिधि रमण बाबा, गगन सिंह व भवानीपुर पुलिस को समझाने में जुटी हुई थी। देर रात 10:30 बजे तक 2 घंटे से एनएच 31 पर यातायात जाम के कारण पूरी तरह से ठप था।

 

महिला की मौत के बाद नारायणपुर इंदिरा मंच चौक के पास सड़क जाम कर विरोध जताते ग्रामीण।

भागलपुर में डॉक्टर से दिखाकर अपने मायके लौट रही थी महिला : मृतक महिला नीलू झा डॉक्टर से अपना इलाज कराने के लिए शनिवार की सुबह भागलपुर गई हुई थी। भागलपुर में अपना इलाज कराने के बाद महिला भ्रमरपुर लौट रही थी। रात्रि करीब 8:00 बजे महिला इंदिरा मंच चौक पर टेंपो से उतरी। टेंपो से उतरने के बाद वह एनएच 31 के किनारे खड़ी हुई थी कि अनियंत्रित ट्रक ने उसको रौंद डाला।

जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि भ्रमरपुर नीलू झा का मायका है। उनका ससुराल मुंगेर जिले के संग्रामपुर गांव में है। दो माह पहले वह अपने ससुराल से मायके रहने के लिए आई हुई थी। नीलू झा को दो पुत्र एक 12 वर्ष और दूसरा 8 वर्ष का है। नीलू झा की मौत से दोनों बच्चे अनाथ हो गए है। महिला की मौत से परिजनों का रो रोकर बेहाल है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *