नारायणपुर-पूर्णिया वाया कटिहार बाइपास फोरलेन सड़क का कार्य तेज हो गया है। फोरलेन सड़क निर्माण को लेकर जमीन अधिग्रहण का कार्य भी युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। सड़क के दोनों किनारे की जमीन को अधिग्रहण करने को लेकर लोगों ने निजी भवन एवं कच्चे घरों को मुआवजा मिलने के बाद हटा लिया है। जिन्होंने नहीं हटाये गये उन्हें बलपूर्वक हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
Total Downloads: 79
उधर, अधिग्रहण के दौरान सड़क के किनारे पूर्व से बनी यात्री शेड, शौचालय, दुग्ध उत्पादन केन्द्र सहित अन्य सरकारी भवनों को भी तोड़कर हटाने का कार्य तेज हो गया है। इतना ही नहीं सड़क निर्माण के लिए जितनी भूमि की आवश्यकता है उतनी भूमि के अधिग्रहण को लेकर सड़क के दोनों ओर लगे वृक्षों को मशीनों के माध्यम से काटकर जमीनदोज किया जा रहा है। फोरलेन सड़क को लेकर मनिहारी से पूर्णिया के बीच कई चौक चौराहों जो कभी दुकानों से गुलजार नजर आते थे अब यह चौक चौराहा सुनसान नजर आ रहे हैं।

44 किलोमीटर लम्बी बननेवाली इस फोरलेन सड़क को बाइपास ले जाने के लिए किसानों की भूमि को भी मुआवजा देने के बाद अधिग्रहण की दिशा में भूमि को खाली करा ली गयी है। एनएच 131ए में मिलनेवाली इस फोरलेन सड़क पर गुजरनेवाले वाहनों को चौक चौराहों पर जाम की समस्या का सामना नहीं करना पडे़ इसको लेकर कुल 35 जगहों पर अंडर पास पुल बनाए जाएंगे। ग्रामीण अजीत सिंह, राजेन्द्र मंडल, मो मुबारक अनिल सिंह, राजेन्द्र ने बताया कि फोरलेन सड़क बनने के बाद सुविधाएं बढ़ेंगी। एनएच 131 लाइजन मैनेजर सिद्धार्थ निगम ने बताया कि नारायणपुर से पूर्णिया तक 75 प्रतिशत अधिग्रहण कार्य पूरा कर लिया गया है।

