झपटामार गिरोह ने की वृद्ध से 49 हजार की छिनतई
Total Downloads: 154
,, बैंक आफ इंडिया नवगछिया एनएच 31 पर घटी घटना
नवगछिया : नवगछिया थाना क्षेत्र में इन दिनों अपराधियों और उचक्के बेलगाम हो गये हैं. एक के बाद एक छिनतई और चोरी की घटना सामने आ रही है. सोमवार को बैंक आफ इंडिया एनएच 31 शाखा के पास से चेक के माध्यम से रकम की निकासी करके लौट रहे भवनपुरा निवासी मानिकचंद्र शर्मा से झपटामारों ने 49 हजार रुपये की छिनतई कर ली है. इस बाबत मानिकचंद्र शर्मा ने नवगछिया थाने में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है. जानकारी के अनुसार दोपहर करीब डेढ़ बजे मानिक चंद्र शर्मा भवनपुरा के मुखिया विनीत कुमार सिंह उर्फ बंटी सिंह के कहने पर सड़क निर्माण योजना मद में 49 हजार की राशि चेक के माध्यम से निकासी की थी. जैसे ही श्री शर्मा बैंक से निकासी करके बाहर आये वैसे ही बाइक सवार झपटामारों ने उनका झोला झपट कर भाग गये. वृद्ध के अनुसार झोले में आधार कार्ड और पासबुक के अलावा बैंक से निकासी किये गये 49 हजार रुपये भी थे. जानकारी मिली है कि पंचायत के योजना से 95 हजार की लागत से खरीक के भवनपुरा गांव में सड़क बनना था. निर्माण के मद में बैंक में जमा राशि का निकासी करने वृद्ध मानिक शर्मा भवनपुरा के मुखिया विनीत कुमार सिंह के कहने पर गये थे. मानिक शर्मा ने घटना की बाबत नवगछिया थाने में लिखित आवेदन दिया है. जानकारी मिली है नवगछिया थाने में मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी थी. पुलिस मामले की छान बीन में जुट गयी है. मालूम हो कि पिछले रविवार 12 जून को भी नवगछिया के पकरा गांव स्थित पशुहाट से पशु व्यवसायियों से लुटरों ने लगभग अस्सी हजार रुपये और मोबाइललूट लिये थे. इसके अलावा नवगछिया के नया टोला स्थित बीएलएस के एक प्राध्यापक के घर से चोरों ने कुल तीन लाख के सामान और नकदी की चोरी कर ली थी.

