पटना से दिल्ली जा रहे इंडिगो विमान से एक युवक एजाज ने हथियार ले जाने की कोशिश की। गुरुवार की सुबह जयप्रकाश नारायण अंतराष्ट्रीय हवाईड्डा पर सामानों की स्कैनिंग के दौरान वह पकड़ा गया। एजाज के बैग में कागज में रखी रोटी में छिपाकर पुराना देसी कट्टा रखा था।

इधर, हथियार मिलने के बाद सीआईएसएफ के जवानों ने आरोपित एजाज को गिरफ्तार कर लिया। वह मूल रूप से नवादा जिले के नगर थानांतर्गत मुस्लिम रोड, कुरैशी मोहल्ला का रहने वाला है। पिछले आठ वर्षों से एजाज सब्जीबाग में रहकर बिजली मिस्त्री का काम करता था। गुरुवार को उसे इंडिगो की फ्लाइट से पटना से दिल्ली जाना था। फिर शुक्रवार को एक निजी एजेंसी के जरिये वह सऊदी अरब जाता।

दूसरी ओर एयरपोर्ट पर एजाज की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही सचिवालय डीएसपी राजेश कुमार प्रभाकर ने मौके पर पहुंचकर जांच की। बाद में उसे एयरपोर्ट थाने ले जाया गया जहां उससे लंबी पूछताछ की गयी। एजाज के सब्जीबाग स्थित किराये के घर की तलाशी भी पुलिस ने ली। हालांकि वहां से कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ।

आरोपित ने कहा- हथियार कैसे आया नहीं पता
सचिवालय डीएसपी के मुताबिक एजाज ने पुलिस को बताया कि उसे नहीं पता कि उसके बैग में हथियार कैसे आया। वह बार-बार हथियार खुद के होने की बात से इंकार कर रहा था। उसने कहा कि बुधवार की शाम वह अपने नवादा स्थित घर गया था। फिर गुरुवार की अहले सुबह वहां से लौटा। बहरहाल, पुलिस एजाज के बयानों का सत्यापन कर रही है। नवादा समेत अन्य जिलों में उसके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है।

– पुलिस टीम हर पहलुओं पर छानबीन कर रही है। एजाज को रिमांड पर लेकर भी पूछताछ की जा सकती है। तफ्तीश के दौरान नई चीजें भी सामने आ सकती हैं।
राजेश कुमार प्रभाकर, सचिवालय डीएसपी

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....