बिहार के मुजफ्फरपुर में सीबीएसई बारहवीं की परीक्षा में कम अंक आने पर आकांक्षा कुमारी नामक छात्रा ने खुदकशी कर ली। मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग चौरी निवासी मनीष कुमारी की पुत्री को करीब 60 प्रतिशत अंक आए थे।
Total Downloads: 354
परिजनों ने बताया कि आकांक्षा को 90 फीसद अंक आने का अनुमान था। मगर, शनिवार को परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद से वह मायूस हो गई। क्योंकि उसे अपेक्षा से काफी कम अंक आए। रविवार दोपहर छात्रा ने दुपट्टे को गले में डाल खुदकशी कर ली।
घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दे दी। पुलिस के पहुंचने पर परिजन केस करने से इन्कार कर रहे। हालांकि, मामले की छानबीन की जा रही। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

वहीं, लखीसराय में भी शनिवार को स्थानीय बाजार के साकेतनगर स्थित देवता देवी स्कूल के संचालक सेवानिवृत्त शिक्षक धरणीधर सिंह की 17 वर्षीय नतनी मनु मानस की मौत रहस्यमय तरीके से छत से गिरकर हो गई है। छात्रा मनु मानस ने इस बार सीबीएसई बोर्ड से बारहवीं की परीक्षा दी थी। शनिवार को उसका परिणाम आया। परिणाम आने के बाद ही छत से गिरकर रहस्यमय तरीके से उसकी मौत हो गई। उसकी मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही है।

हालांकि छत से गिरने के बाद उसे स्थानीय एक निजी क्लीनिक में ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मनु मानस मूल रूप से बेगूसराय जिले के बीहट निवासी आर्मी जवान मुकेश सिंह की पुत्री थी। वह पटना स्थित सेंट्रल स्कूल से इस बार बारहवीं की परीक्षा में शामिल हुई थी। अभी वह अपने नाना के यहां सूर्यगढ़ा आई हुई थी।
चर्चा है कि बारहवीं की परीक्षा में उसे मनोनूकूल अंक नहीं मिले। इस कारण उसने तीन मंजिले भवन से कूदकर जान दे दी। हालांकि परिजनों ने इस चर्चा को खारिज करते हुए बताया कि वह छत पर टहल रही थी। इसी दौरान उसके सिर में चक्कर आ गया और वह नीचे जमीन पर गिर गई।

