एशिया कप के अहम मैच में आज भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत हुई। गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने पाकिस्तान की पारी मात्र 162 रनों पर समेट दी। भारत की तरफ से केदार जाधव और भुवनेश्वर कुमार ने तीन-तीन विकेट अपने नाम किए।
वहीं जसप्रीत बुमराह ने दो और चहल ने एक विकेट अपने नाम किया। पाकिस्तान की बल्लेबाजी की बात की जाए तो बाबर आजम ने सर्वाधिक 47 रन बनाए और शोएब मलिक ने 43 रन बनाए। पाक की पारी खत्म होने के बाद क्रिकेट फैंस ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं।

बता दें कि इस मैच के नतीजे से दोनों टीमों को कोई नुकसान नहीं होगा क्योंकि दोनों टीमें पहले ही सुपर फोर के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। बता दें कि दोनों ही टीमों का एशिया कप में यह दूसरा मुकाबला है।

एशिया कप के ओपनिंग मैच में दोनों ही टीमों ने हांगकांग को हराया था। पाकिस्तान ने हांगकांग के खिलाफ जहां 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। तो वहीं भारत ने रोमांचक मुकाबले में हांगकांग को 26 रन से हराया था। एक समय ऐसी स्थिति थी जब हांगकांग जीतने की स्थिति में आ गया था।


