गोपालपुर :आरपीएम अरुण प्रकाश ने मंगलवार की दोपहर बाद को पीएचसी गोपालपुर का औंचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के बाद आरपीएम अरुण प्रकाश ने प्रेस प्रतिनिधियों को बताया कि निरीक्षण के दौरान एक भी कर्मी मौजूद नहीं मिले. मात्र एक एएनएम मौजूद मिले जिसे प्रसव के बारे में कोई जानकारी नहीं है. उन्होंने बताया कि प्रसव कक्ष काफी गंदा था. बाथरूम बदबू दे रहा था. प्रसव टेबुल काफी जंग लगा हुआ था. उसमें रबर शीट भी नहीं था.
Total Downloads: 354
नवजात को ऑक्सीजन उपलब्ध कराने हेतु ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीन भी खराब पाया गया. उन्होंने बताया कि पीएचसी गोपालपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा सुधांशु कुमार के लंबे अवकाश पर जाने के कारण रंगरा पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा रंजन कुमार को गोपालपुर का प्रभार दिया गया है. जन्मप्रमाण पत्र के दर्जनों प्रमाण -पत्र हस्ताक्षर हेतु लंबित हैं. वहीं रोस्टर के अनुसार सोमवार, मंगलवार व बुधवार को डा मनोहर जायसवाल को लगातार ड्यूटी देना था.


परन्तु मंगलवार को डा मनोहर जायसवाल ओपीडी कर चले गये .ऐसे में पीएचसी गोपालपुर में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवा बदहाल हो गई है. डीएम के निर्देश के बावजूद प्रसूताओं को निर्धारित पोशाक अब तक उपलब्ध नहीं कराने जाने पर उन्होंने कडी नाराजगी व्यक्त की. आशा कार्यकर्त्ताओं का पिछले दिसम्बर माह से ही प्रसव व नसबंदी व अन्य कार्य का भुगतान नहीं किये जाने पर उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्त्ताओं का भुगतान नहीं होने पर स्वास्थ्य प्रबंधक, लेखापाल व बीसीएम को भी अपना वेतन नहीं लेना है.आशा कार्यकर्त्ता पार्वती ने लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी आरपीएम को दी. मौके पर क्षेत्रीय आशा समन्वयक कुणाल कुमार की मौजूदगी देखी गई.
