बिहपुर थाना क्षेत्र के हरियौ गांव के पूर्व मुखिया सुरेंद्र सिंह उर्फ लेंगरा मुखिया को खगड़िया जिले के खगड़िया अलौली पथ के लचका पुल के पास सोमवार को देर शाम गालियों से भून डाला. गोली बारी में पूर्व मुखिया का साला रमण कुमार, बहन सोनी देवी और भांजी भी घायल हो गयी है. सबों का इलाज खगड़िया सदर अस्पताल में कराया जा रहा है. खगड़िया के एसपी अनिल कुमार सिंह ने सदर अस्पताल पहुंच कर जख्मियों से घटना की जानकारी ली है. घायल रमण के अनुसार पूर्व मुखिया सुरेंद्र सिंह व उसकी बहन का ससुराल अलौली के बरुआ गांव में है. सोमवार को वे लोग एक बोलेरो पर सवार हो कर हरियौ से बरुआ गांव जा रहे थे. एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधियों ने बोलेरो को ओवरटेक कर रोकवाया और पीछे से आ रही दूसरे बोलेरो पर सवार आठ से दस की संख्या में अपराधियों ने बोलेरो का गेट खोल दिया और मुखिया पर गोली चला दी. इसके बाद बोलेरो पर सवार सभी लोग बोलेरो का दूसरा गेट खोल कर भागने लगे तो अपराधियों ने उन लोगों पर भी गोली चलायी. फिर पूर्व मुखिया को अपराधियों ने वहीं पर गोलियों से भून डाला. उसकी मौत घटना स्थल पर ही हो गयी थी. खगड़िया पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल सभी अपराधी नवगछिया पुलिस जिला के ही हैं.
By Rishav Mishra Krishna
न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

