आरा-सासाराम रेलखंड के पीरो रेलवे स्टेशन पर एक ही लाइन पर दो ट्रेनों के आने की सूचना से दोनों ट्रेनों पर सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गयी। लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गयी। इसे महज संयोग ही कहा जा सकता है कि बड़ा हादसा टल गया। दोनों ट्रेनों पर सवार यात्री करीब आधे घंटे तक परेशान रहे। यात्रियों के साथ-साथ रेलवे स्टेशन प्रबंधन को भी काफी फजीहत झेलनी पड़ी। वहीं पीरो के स्टेशन मास्टर शिवजी प्रसाद ने दो ट्रेनों के एक ही लाइन पर आने की घटना का खंडन करते हुए इसे महज अफवाह बताया है। उन्होंने बताया कि एक ट्रेन द्वारा होम के समीप आकर लाइन चेंज करने के कारण अफवाह की स्थिति बन गई।
Total Downloads: 176
बता दें कि गणतंत्र दिवस की सुबह शनिवार को पटना-भभुआ इंटरसिटी(13250) पटना से सासाराम की ओर जा रही थी। पीरो पहुंचने के बाद जिस लाइन से इंटरसिटी गुजर रही थी, उसी लाइन पर सासाराम-पटना पैसेंजर(53212) आने लगी। इंटरसिटी में सवार कई यात्रियों ने बताया कि इस सूचना के मिलते ही दोनों ट्रेनों पर सवार यात्री ट्रेन से उतरकर भागने लगे। यात्रियों ने बताया कि पीरो रेलवे स्टेशन का एक कर्मचारी झंडी लेकर दौड़ा और उसने पैसेंजर ट्रेन को रोका। पैसेंजर ट्रेन को एक किलोमीटर पीछे ले जाकर दूसरी लाइन पर ले जाया गया। उसके बाद नीचे उतरे यात्री दोनों ट्रेनों पर सवार हुए और दोनों ट्रेनें पीरो से रवाना हुईं। इस दौरान दोनों ट्रेनें आधा घंटे तक पीरो रेलवे स्टेशन पर रुकी रहीं।

घने कोहरे के चलते हुआ ऐसा
एक ही लाइन पर दो ट्रेनों के आने की घटना घने कोहरे के कारण हुई। ट्रेनों पर सवार यात्रियों ने बताया कि शनिवार की सुबह घना कोहरा था। ट्रेनों पर सवार यात्रियों ने बताया कि सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन के चालक ने काफी सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रेन को रोक लिया। पैसेंजर ट्रेन के चालक द्वारा यदि ट्रेन को नहीं रोका गया होता तो बड़ी दुर्घटना हो जाती। बता दें कि पीरो स्थित रेलवे स्टेशन पर एक समय में इंटरसिटी पश्चिमी रेलवे लाइन पर आती है, जबकि पैसेंजर ट्रेन पूर्वी रेलवे लाइन पर आती है।

