भागलपुर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का स्वागत सबौर की जीविका दीदियां करेंगी। स्वागत गान के लिए पांच जीविका दीदी का चयन हुआ है। इसके अलावा पांच दीदियां जीविका गीत गाएंगी। सबौर की कंचन देवी, नूतन देवी, पुष्पा कुमारी, नीरा देवी, रूबी कुमारी, सुनीता कुमारी जीविका गीत के लिए चयनित हैं। स्वागत गान के लिए सावित्री देवी, बबिता राज, रंजू देवी, मोनी कुमारी, स्नेहा जोशी का चयन हुआ है।
Total Downloads: 101
कार्यक्रम में सबौर के बैजलपुर के पास एक तालाब भी सीएम द्वारा जीविका दीदी को हैंडओवर किया जाएगा। इसके अतिक्रमण मुक्त होने का एनओसी मिल गया है। तालाब में जीविका दीदियां मछली पालन कर आय अर्जित करेंगी। इसके अलावा पांच दीदियों द्वारा जीविका से मिली आत्मनिर्भरता, उनकी आर्थिक उन्नति, उनकी सफलता की कहानी मुख्यमंत्री को सुनाई जाएगी। ये दीदियां भागलपुर और बांका की हैं। इसके लिए दोनों जिलों के डीपीएम से रिपोर्ट मांगी गई थी।
रात में भी कराई जा रही है सफाई
दिन में ही नहीं बल्कि रात में भी जीरोमाइल चौक से लेकर कचहरी चौक तक की सफाई में कर्मचारियों को लगाया गया है। जीरोमाइल से कचहरी चौक तक कहीं सड़क किनारे कूड़े की डंपिंग भी नहीं करायी जा रही है। उस इलाके से निकलने वाले कूड़ा को सीधे डंपिंग ग्राउंड भेज दिया जा रहा है। सिर्फ हवाई अड्डा के अंदर की सफाई में 30 मजदूर काम कर रहे हैं। पांच मजदूरों को सिर्फ कागज और प्लास्टिक चुनने के लिए लगाया गया है। नगर निगम के स्वास्थ्य शाखा प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि अभी स्वच्छता सर्वेक्षण की भी तैयारी चल रही है। इसलिए सफाई में ज्यादा मैनपावर लगाया गया है।

