चाय बनाते समय सिलेंडर से गैस रिसने के बाद एक मकान में हुए विस्फोट से दिलावरपुर बाड़ा का काली मंदिर इलाका दहल उठा। घटना बुधवार शाम करीब पांच बजे की है।
विस्फोट के बाद मकान में फंसे लोगों को बचाने में किराएदार शंकर राम (55) की मौत हो गई। इसके अलावा एक युवक किट्टू तथा एक महिला आशा देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया।
दिलावरपुर वाड़ा स्थित राजेन्द्र राम के दो मंजिले मकान में आठ परिवार किराये पर रहते हैं। घर में विस्फोट होते ही आसपास में भगदड़ की स्थिति हो गई। लोग घरों से निकलकर सड़क पर आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उस वक्त घर में कई लोग फंसे थे। लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। बेहद संकरी गलियां होने की वजह से फायर ब्रिगेड के कर्मियों को घर तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ खगेशचंद्र झा, एसपी अभियान राणा, एएसपी हरिशंकर कुमार पूरे दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।


