यह वीकेंड शहर के लिए खास रहेगा। एक ओर राजनीतिक विश्लेषक वेदप्रताप वैदिक के साथ शहरवासी भारतीय लोकतंत्र के भविष्य विषय पर चर्चा करेंगे। दूसरी ओर गूगल बॉय कहलाने वाला 11 साल का कौटिल्य पंडित शहरवासियों से रूबरू होगा। अपने हाजिर जवाबी से लोगों को अंचभित करने वाले कौटिल्य से लोग यूनिवर्सिटी स्टेडियम, मारवाड़ी कॉलेज में अपने सवालों के जवाब ले सकेंगे। दो दिनी भागलपुर कॉन्क्लेव में लोकतंत्र से लेकर अन्य विषयों पर मंथन होगा।

कौटिल्य पंडित

तुलसी सामाजिक संस्था करेगा कार्यक्रम

तुलसी सामाजिक संस्था 6 जनवरी से दो दिनी भागलपुर कॉन्क्लेव का आयोजन करने जा रही है। लगातार दो साल में स्मार्ट सिटी और युवाओं के लिए खास आयोजन करवाने वाली संस्था इस वर्ष नए थीम पर कार्यक्रम करने जा रही है। संस्था के आलोक कुमार पाठक ने बताया, दो दिनी कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्धजनों के साथ, युवा और बच्चों की भूमिका अहम होगी। पहले दिन लोकतंत्र तो दूसरे दिन गूगल बॉय कहलाने वाले विलक्षण प्रतिभा के धनी कौटिल्य पंडित से मिलने का मौका होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीआईटी मेसरा के पूर्व वीसी व इग्नू के पूर्व पीवीसी डॉ. जर्नादन झा करेंगे।

मारवाड़ी काॅलेज में कौटिल्य होंगे रूबरू

संस्था अध्यक्ष शंभूशंकर सिंह ने बताया, हरियाणा के करनाल जिले में 24 दिसंबर 2007 को जन्मे महज 11 साल के कौटिल्य पंडित स्कूली बच्चों के साथ लोगों के भी सवालों के जवाब देंगे। महज 5 साल 10 माह की उम्र में विश्व भूगोल, प्रति व्यक्ति आय, घरेलू उत्पादन और राजनीति जैसे विषयों के सवालों के चुटकी में जवाब देने वाले कौटिलय 7 जनवरी को यूनिवर्सिटी स्टेडियम मारवाड़ी काॅलेज में सुबह 10.30 बजे कौटिल्य रूबरू होंगे। वे दोपहर 2 बजे तक सभी के सवालों के जवाब देंगे।

शहर के 100 प्रबुद्धजन होंगे शामिल

आलोक कुमार पाठक ने बताया, पहले दिन 6 जनवरी को नाथनगर के होटल महाराजा पैलेस में भारतीय लोकतंत्र के भविष्य पर चर्चा होगी। सुबह 10.30 बजे से दोपहर 2 बजे तक मुख्य अतिथि राजनीतिक विश्लेषक वेदप्रताप वैदिक के साथ शहर के 100 प्रबुद्धजन शामिल होंगे। इसमें ईस्टर्न बिहार चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष मुकुटधारी अग्रवाल, टीएमबीयू मे कई प्रोफेसर्स व अन्य प्रबुद्धजन शामिल होंगे। वे लोकतंत्र के भविष्य पर चर्चा करेंगे।

बच्चों के लिए भी होगा मौका

संस्था के अनुसार, कौटिल्य के साथ भागलपुर के स्कूली बच्चों को भी मौका मिलेगा। इसके लिए संस्था स्कूलों से संपर्क कर उनके यहां तालीम ले रहे बच्चाें में बेस्ट वक्ता और गायन में उपलब्धि पाने वालों को शॉर्ट लिस्ट करेगी। अपने यहां के बेस्ट वक्ता और गायकों की सूची भी पांच जनवरी तक संस्था को दी जा सकती है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *