पटना : बिहार राज्य निवेश प्रोत्साहन अधिनियम 2016 लागू होने के बाद से 16530.45 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी जा चुकी है। इसमें से 208 इकाईयों में 1576.02 करोड़ रुपये का निवेश हो चुका है और इससे 5355 लोगों को रोजगार मिला है। इस वर्ष उद्योग विभाग द्वारा गया, छपरा, मुजफ्फरपुर और भागलपुर में 15-15 करोड़ रुपये की लागत से खादी पार्क का निर्माण कराया जाएगा। गया में दशरथ मांझी खादी शिल्प पार्क का निर्माण कार्य आरंभ भी हो चुका है। यह जानकारी उद्योग मंत्री श्याम रजक ने शुक्रवार को सूचना एवं जन संपर्क विभाग स्थित सभागार में पत्रकारों को दी।
Total Downloads: 171
उद्योग मंत्री श्याम रजक ने बताया कि मुजफ्फरपुर में लेदर पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। इस पार्क में छोटे-छोटे लेदर उद्योग से जुड़े उद्यमियों को शेड का आवंटन किया जाएगा। साथ ही एक सुविधा केंद्र का भी निर्माण होगा। कृषि उत्पादों के संरक्षण के लिए फतुहा में ई-रेडिएशन सह पैक हाउस की यूनिट की स्थापना की जा रही है। इसके लिए 22.10 करोड़ रुपये उपलब्ध कराया गया है। पैक हाउस के माध्यम से कृषि उत्पादों के संरक्षण कर निर्यात किया जाना है।

उद्योग मंत्री श्याम रजक ने बताया कि चीनी मिल की 2442 एकड़ भूमि उद्योग विभाग को हस्तांतरित की गयी है। इससे बड़े औद्योगिक इकाईयों के निवेश का रास्ता खुल गया है। स्टार्टअप योजना के तहत 70 स्टार्टअप को चयनित किया गया है। भागलपुर में 1364 लाख रुपये की लागत से हस्तकरघा एवं रेशम भवन का निर्माण किया जा रहा है।
22 मार्च को पटना में हैंडलूम हाट का उद्घाटन
उद्योग मंत्री श्याम रजक ने बताया कि हैंडलूम को भी बढ़ावा देना राज्य सरकार की प्राथमिकता में है। बुनकरों द्वारा बनाए गए हैंडलूम वस्त्र की बिक्री हेतु सुलभ बाजार उपलब्ध हो सके, इसके लिए विभाग ने हैंडलूम हाट बनाने का निर्णय लिया है। यह हाट बिहार राज्य वित्त निगम के भूतल, द्वितीय एवं तृतीय तल पर बनायी जाएगी। इसका संचालन उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान द्वारा किया जाएगा। 22 मार्च को हैंडलूम हाट का उद्घाटन होगा। उन्होंने बताया कि उद्यमियों को उद्योग लगाने हेतु सभी प्रकार की मदद मुहैया करायी जा रही है। इससे रोजगार एवं आय में वृद्धि होगी।

