भागलपुर. भागलपुर जिला के बाथ थाना क्षेत्र के करहरिया गांव में पति की प्रताड़ना से तंग प्रेमलता देवी ने अपने तीन मासूम बच्चों को शौचालय की टंकी में फेंककर मार डाला। बच्चों की हत्या के बाद उसने टंकी में कूदकर आत्महत्या की कोशिश की। ग्रामीणों ने किसी तरह प्रेमलता को बचा लिया।
Total Downloads: 385
फरार है महिला का पति
घटना की जानकारी पाकर विधि व्यवस्था डीएसपी नेसार अहमद शाह और बाथ थानेदार धीरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच की और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया। महिला का पति देवेश कुमार फरार है। मृतकों में चार साल का सुशांत, दो साल की सोनम और एक साल का ओमराज शामिल हैं।

पति करता था मारपीट
मृतकों की मां प्रेमलता देवी ने बताया कि पति रोज मारपीट और गाली-गलौज करता था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। पति प्रताड़ना की शिकायत भी महिला ने स्थानीय थाने में दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस कारण महिला ने तीन बच्चों को मारकर खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की।

