सूबे में जी-मेंस, नीट और एनडीए एग्जाम के लिए परीक्षार्थियों की भारी संख्या को देखते हुए एक तरफ जहां पूर्व मध्य रेलवे ने 20 जोड़ी मेमू ट्रेन चलाने की 2 सितम्बर से घोषणा की है। वहीं मालदा डिवीजन ने ऐसी किसी भी तैयारी से फिलहाल इंकार किया है।
जिससे भागलपुर के परीक्षार्थियों में डिवीजन के प्रति रोष है। भागलपुर के वैसे परीक्षार्थी जो गया में परीक्षा देंगे, वे किऊल से ट्रेन पकड़ सकते हैं। मालदा में डीआरएम यतेंद्र कुमार ने बताया कि भागलपुर या जमालपुर से अभी ऐसी कोई स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी नहीं है। बता दें कि जनसेवा, बांका इंटरसिटी और दानापुर इंटरसिटी से परीक्षार्थियों को बड़ी उम्मीदें थीं। क्योंकि पटना और मुजफ्फरपुर के लिए इंटरसिटी ग्रेड में यही ट्रेन है।

दूसरे चरण में भागलपुर से चल सकती हैं विक्रमशिला, सूरत व अंग एक्सप्रेस
रेलवे बोर्ड दूसरे चरण की चलाई जाने वाली 100 ट्रेनों में विक्रमशिला एक्सप्रेस को शामिल कर सकता है। इसके लिए जोनल स्तर पर पिछले चार महीने से कवायद चल रही है। विक्रमशिला एक्सप्रेस को लेकर दानापुर डिवीजन ने भी हामी भरी थी कि इसके चलने से किऊल, मोकामा, बाढ़, पटना, आरा, बक्सर के यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।
सूरत-भागलपुर एक्सप्रेस और यशवंतपुर-भागलपुर अंग एक्सप्रेस साउथ वेस्टर्न रेलवे की ट्रेनें हैं। सूत्राें ने बताया कि 100 की लिस्ट में यदि जोनल वाइज ट्रेनों का सेलेक्शन होगा ताे इन दोनों को भी मंजूरी मिल सकती है। ऐसे में भागलपुर के यात्रियों को चार ट्रेनों का तोहफा मिल सकता है। बता दें कि अभी सिर्फ भागलपुर होकर ब्रह्मपुत्र मेल ही चल रही है।
परीक्षा को लेकर चलनेवाली स्पेशल ट्रेनें
ट्रेन संख्या कहां से कहां तक
02567 सहरसा-पटना
02568 पटना-सहरसा
03234 दानापुर-राजगीर
03233 राजगीर-दानापुर
05713 कटिहार-पटना
05714 पटना-कटिहार
03249 पटना-भभुआ
03250 भभुआ-पटना
03243 पटना-भभुआ
03244 भभुआ-पटना
05549 जयनगर-पटना
05550 पटना-जयनगर
03226 राजेंद्र नगर-जयनगर
03225 जयनगर-राजेंद्र नगर
03228 राजेंद्र नगर-सहरसा
03227 सहरसा-राजेंद्र नगर
03205 सहरसा-पाटलिपत्र
03206 पाटलिपुत्र-सहरसा


