भागलपुर | तिलकामांझी के न्यू शिवपुरी कॉलोनी स्थित भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित पाण्डेय के घर 12 जून की देर रात हुई चोरी मामले में पुलिस ने मास्टर माइंड शातिर चोर कैलाश यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे उसके जवारीपुर स्थित घर से गिरफ्तार किया। थानेदार संजय सत्यार्थी ने बताया कि जिलाध्यक्ष के यहां चोरी के बाद से ही कैलाश की तलाश जारी थी।
गुप्त सूचना पर उसे शनिवार की रात गिरफ्तार किया गया। रविवार को उसे जेल भेजा गया। 12 जून की रात चोरों ने भाजपा जिलाध्यक्ष के घर के मुख्य गेट में लगे ग्रिल का ताला तोड़ अंदर घुसे थे। फिर कमरों में लगे तालों को तोड़ अलमीरा से सोना-चांदी के गहने और घर में लगे एलईडी ले गए थे। करीब डेढ़ लाख रुपए की चोरी का केस दर्ज किया गया था। घटना के समय जिलाध्यक्ष पटना में इलाजरत थे।



