भागलपुर जिले में शुक्रवार तड़के बेखौफ बदमाशों ने एक स्वर्ण कारोबारी से 30 किलोग्राम चांदी लूट लिया। तिलकामांझी थाना क्षेत्र में पटल बाबू रोड स्थित सुपर मार्केट कॉन्प्लेक्स के बगल वाली गली में बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। चांदी की कीमत 18 से 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
Total Downloads: 167
जानकारी के अनुसार आभूषण कारोबारी रतनलाल वर्मा कोलकाता से चांदी लेकर लौटे थे। बस से उतरने के बाद कारोबारी के बेटे पवन वर्मा ने चांदी वाला थैला उनसे ले लिया और स्कूटी से घर लौटने लगा। पवन का कहना है कि बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया और हथियार के बल पर चांदी लूट कर वहां से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर एएसपी सिटी शुभम आर्य, तिलकामांझी थाना प्रभारी राजरतन कुमार, जोगसर थाना प्रभारी अजय कुमार अजनबी और सबौर थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला है। एएसपी सिटी ने कहा कि जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी होगी।

