जीरोमाइल-सबौर के बीच ज्योति विहार कालोनी (एनएच-80) के पास रविवार सुबह ऑटो को बचाने में इको स्पोर्ट्स गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उसमें सवार दो युवकों की मौत हो गई।
Total Downloads: 176
चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। जीरोमाइल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी में फंसे पांचों लोगों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां डाक्टर ने रवि कुमार और संजीव पासवान को मृत घोषित कर दिया।

सबौर थाने के रजंदीपुर गांव का सुमित शर्मा बिजली विभाग के जीएम की गाड़ी का चालक है। रविवार सुबह साढ़े आठ बजे वह गाड़ी लेकर तिलकामांझी की ओर आ रहा था। ज्योति विहार कालोनी के पास सामने से आ रहे ऑटो को बचाने में गाड़ी पलट गयी और सड़क किनारे बने चबूतरे से टकरा गई। घायल सुमित ने बताया कि रजंदीपुर गांव में ही लालमोहन मंडल के पुत्र रवि कुमार (25 वर्ष) और स्व. अखिलेश पासवान के पुत्र संजीव पासवान (18 वर्ष) के साथ कौशल कुमार व छोटू मंडल गाड़ी में सवार हो गए थे। घायल तीनों लोगों का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। सिर में चोट लगने से तीनों की हालत गंभीर है।
जीरो माइल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त इको स्पोर्ट्स गाड़ी को जब्त कर लिया है। घटना की सूचना मिलने पर रजंदीपुर गांव से काफी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गये। अस्पताल में कोहराम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। जीरोमाइल पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दोनों लड़के मजदूरी करते थे। मजदूरी के लिए ही वे तिलकामांझी आ रहे थे।

