मारवाड़ी कॉलेज के पास मंगलवार दोपहर को विश्वविद्यालय बाल निकेतन उच्च विद्यालय की शिक्षिका सरिता कुमारी के गले से बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली। वारदात के समय शिक्षिका ने हिम्मत दिखाई और भागते हुए एक बदमाश का कॉलर पकड़कर चलती बाइक से गिरा दिया। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाश की लोगों ने जमकर पिटाई कर दी, लेकिन बदमाश का दूसरा साथी चेन लेकर पैदल ही भाग गया।
पहले भी राहगीरों से छिनतई कर चुका है आसिफ, पुलिस कर रही है तलाश
विवि थानेदार संतोष कुमार शर्मा ने पकड़े गए बदमाश को गिरफ्तार कर लिया, जिसका नाम मोहम्मद मुबारक (पिता मोहम्मद फुलजार) है। वह मंसूरी टोला शाहजंगी का रहने वाला है। फरार बदमाश मोहम्मद आसिफ (पिता मोहम्मद मंजूर) भी शाहजंगी के मंसूरी टोला का ही रहने वाला है। आसिफ की मां शबाना शाहजंगी पंचायत की मुखिया है। आसिफ का पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड रहा है। पुलिस मो. मुबारक से पूछताछ कर रही है। उसने बताया कि मुखिया पुत्र आसिफ के पास काले रंग की बुलेट है, जिससे वह विवि इलाके में छिनतई करता है। पूर्व में वह कई राहगीरों से मोबाइल, चेन और पर्स छीन चुका है। पुलिस को उसकी तलाश है।



