नवगछिया व खरीक प्रखंड क्षेत्र के पंचायत चुनाव की मतगणना को लेकर सबौर कृषि विश्वविद्यालय केंद्र पर मुख्य गेट के समीप दोनों प्रखंडों से जुटे प्रत्याशी समर्थकों के साथ पुलिस की तू-तू, मैं-मैं होती रही। समर्थकों के मुख्य गेट पर ही जमावड़ा लगा देने से जाम की स्थिति बनती रही।
Total Downloads: 360
समर्थकों को वहां से हटाने के लिए पुलिस की नोकझोंक होती रही। अंत में प्रशिक्षु डीएसपी ने मोर्चा संभाला और पुलिस ने लाठियां भांजनी शुरू की जिससे मची भगदड़ में कई लोग चोटिल भी हो गये। पुलिस ने दोनों गेट समर्थकों से खाली कराया। हालांकि कुछ घंटों बाद समर्थक फिर जमा हो गये।

पुलिस और बीएयू गार्ड समर्थकों से बार-बार अपील कर रहे थे कि मुख्य गेट से दूरी बनाकर रखें और आवागमन को बाधित न करें, फिर भी समर्थक मानने को तैयार नहीं थे। समर्थकों के कारण बीएयू के शिक्षक कर्मचारी छात्र को आवागमन करने में कठिनाई हो रही थी। अंत में पुलिस ने समर्थकों को खदेड़ कर दोनों गेट को खाली कराया। बावजूद समर्थक जीते प्रत्याशियों के गेट के समीप आते ही फूल माला पहनाकर अबीर गुलाल उड़ाते नारेबाजी करते रहे।

