आरोपी युवक और उसके पिता सहित तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है आरपीएफ
भागलपुर-मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस सोमवार दोपहर जैसे ही सुल्तानगंज स्टेशन पर रुकी, एक युवती ट्रेन से उतरी और जबरन शादी कर जयपुर ले जाने की बात कह हंगामा करने लगी। यात्री कुछ समझ पाते इससे पूर्व युवती के साथ ट्रेन में सफर कर रहे एक वृद्ध और दो युवक भी ट्रेन से उतरे और उसे अपने साथ ट्रेन में सवार होने के लिए दबाव बनाने लगे। इसी बीच आरपीएफ पहुंची और सभी को आरपीएफ पोस्ट ले गई।

पूर्णिया के लाइन बाजार की है युवती, भागलपुर के एक नर्सिंग होम में करती है काम

युवती ने आरपीएफ को बताया कि मैं मूलरूप से पूर्णिया के लाइन बाजार की रहने वाली हूं। परिवार में कोई नहीं है। मैं भागलपुर में रेलवे की जमीन पर झोपड़ी बनाकर रहती हूं और वहीं एक निजी नर्सिंग होम में सफाई का काम करती हूं। मुझे नशे की सुई देकर बेहोश कर दिया गया और मांग में सिंदूर भरकर ये लोग जयपुर ले जा रहे थे। अकबरनगर पहुंचने पर होश आया तो सुल्तानगंज स्टेशन पर उतर गई। इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर ए मुखोपाध्याय ने बताया कि युवती के परिजनों को सूचना दी गई है। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

युवक बोला-मोतिहारी का दलाल भागलपुर लेकर पहुंचा और करा दी शादी

आरोपी युवक लालचन्द्र सहनी और उसके पिता बौधू राम सहनी ने बताया कि मोतिहारी के मझड़िया पिपरा कोठी का रहने वाला चंदन उर्फ अनुज कुमार हमारे साथ जयपुर के एक निजी कंपनी में काम करता था। उसने मुझे शादी के लिए मुजफ्फरपुर बुलाया। वहां से हम दोनों उसके साथ भागलपुर आए और एक धर्मशाला में रुके। चंदन उर्फ अनुज कुमार ने वहां लड़की को दिखाया और कहा कि कोर्ट में शादी करा देंगे। लेकिन उसने एक मंदिर में ले जाकर युवती की मांग में मुझसे सिंदूर डलवा दिया। शादी कराने के एवज में अपने सहयोगी रंजीत के खाते में मुझसे एक लाख 10 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिया। युवती के साथ आई एक महिला जो खुद को युवती की मौसी बता रही थी, मुझसे पैसा लेकर शादी का जोड़ा खरीदा। फिर युवती को पहनाकर महिला हमलोगों के साथ ट्रेन पर चढ़ी। लेकिन रास्ते में ही उतर गई। युवक ने बताया कि हम युवती को अब अपने साथ नहीं ले जाना चाहते हैं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *