भागलपुर। गणतंत्र दिवस को लेकर रेलवे को अलर्ट घोषित कर दिया गया है। हाल के दिनों में हुए नक्सली हमले और आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद रेलवे को पूरी तरह सतर्कता बरतने को कहा गया है। आरपीएफ और जीआरपी बेहतर तालमेल के साथ ट्रेनों की सुरक्षा पुख्ता करेंगे।
Total Downloads: 383
जमालपुर-किऊल, भागलपुर-रतनपुर, किऊल-झाझा, किऊल-नवादा रेल सेक्शन पर विशेष गश्त करने का निर्देश दिया गया है। आरपीएफ और जीआरपी के जवान 25 जनवरी की मध्य रात्रि से 27 की सुबह तक रेल ट्रैक पर विशेष पेट्रोलिंग करेंगे। इधर, नक्सलियों की सक्रियता से निपटने के लिए रेल पुलिस को पूरी तरह चौकस है। रेल एसपी आमिर जावेद ने सभी रेल थाने को सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। इस दौरान सभी ट्रेनों में एस्कॉर्ट पार्टी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी रेल थानाध्यक्षों को दी गई है। थानाध्यक्ष स्वयं एस्कॉर्ट पार्टी का निरीक्षण करेंगे। गश्ती और एस्कॉर्ट से अनुपस्थित रहने वाले जवानों पर सख्त कार्रवाई होगी।

वहीं, स्टेशनों के प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, रेलवे ट्रैक, ट्रैक के समानातर सड़कों पर विशेष नजर रखी जाएगी। आरपीएफ इंस्पेक्टर एके सिंह ने कहा कि जवान हैंड मेटल डिटेटेक्टर से स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों और उनके सामनों को जांच कर रहे हैं। साथ ही सीसीटीवी कैमरे से स्टेशन की हर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। आरपीएफ के पदाधिकारी कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमरे निगरानी कर रहे हैं। रेल अधिकारियों ने बताया कि जरूरत पड़ी तो 25 की रात में गुजरने वाली ट्रेनों के आगे पायलट इंजन भी चलाया जा सकता है। वहीं, रेलवे की पीडब्ल्यूआइ ने सभी गैंग मैन और ट्रैक मैन को भी पटरियों पर विशेष मॉनीट¨रग करने को कहा है।

