भागलपुर। भोलानाथ रेल पुल के नीचे लगने वाले जाम से शहरवासियों को जल्द निजात मिलने वाली है। रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण में आर रही अड़चनों को रेलवे ने दूर कर लेने का संकेत दिया है। वहीं, लैलख-ममलखा स्टेशन पर रेलवे समपार की जगह अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। शुक्रवार को मालदा मंडल में पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक और डीआरएम के साथ हुई बैठक में सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने आरओबी निर्माण का मामले को प्रमुखता से उठाया। सांसद ने साहिबगंज-भागलपुर रेल लाइन के दोहरीकरण जल्द से जल्द कराने की बात कही।

दरअसल, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने सभी जोन और मंडली के अधिकारियों को लोकसभा सांसद और राज्यसभा सदस्यों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने का निर्देश दिया था। शुक्रवार को पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक हरिंद्र राव और डीआरएम तन्नू चंद्रा के साथ बैठक हुई। इसमें भागलपुर के सांसद ने क्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाले स्टेशनों पर यात्री सुविधा पर विशेष ध्यान देने की बात कही गर्ठ। जीएम ने कहलगांव उल्टा रेलवे पुल को जल्द बनाने की बात कही।

सांसद मंडल ने भागलपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या छह पर निकास के लिए रास्ता, बुकिंग काउंटर, पार्किंग और एक नंबर से छह नंबर प्लेटफार्म तक बाहर से पैदल पथ बनाने की बात रखी। सभी स्टेशनों पर पेयजल और फुट ओवर ब्रिज बनाने पर जोर दिया। सबौर स्टेशन पर मालगाड़ी को व्यस्त समय में परिचालन नहीं कराने की मांग की। राज्यसभा सदस्य कहकशां परवीन ने भी यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही। जीएम ने सासदों की सलाह के अनुपालन में मालदा डिवीजनल क्षेत्राधिकार में पेश की गई विभिन्न यात्री सुविधाओं और सेवाओं के बारे में भी सूचित किया। बैठक में मुंगेर सांसद वीणा देवी सहित झारखंड राज्य के सांसद थे।
इन शहरों के लिए नई ट्रेन
सांसद बुलो मंडल ने भागलपुर से तेजस, अंत्योदय, भागलपुर से जमशेदपुर के लिए सीधा ट्रेन चलाने की बात रखी। भागलपुर से हैदराबाद, कटक और पूरी के लिए ट्रेन परिचालन शुरू करने की मांग की।


