एलआइसी एजेंट के मोबाइल पर मिस्ड कॉल आया जिसपर एक महिला की आवाज सुनाई दी। महिला से अब उसकी लगातार बातें होने लगीं। कुछ दिनों तक बातों का सिलसिला चला उसके बाद महिला ने उसे खाने पर अपने घर बुलाया।
Total Downloads: 198
एजेंट पहली बार उस मिस्ड कॉल वाली प्रेमिका से बुधवार की शाम को मिलने जा रहा था कि रास्ते में कुछ बदमाशों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी और उसके मरा समझकर पुलिया के नीचे फेंक दिया। घटना शेखपुरा जिले के जयरामपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव की है।
गुरुवार की सुबह खेत में काम करने जा रहे एक किसान ने एलआईसी एजेंट को बेहोश देखकर उसे तुरंत रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद पुलिस और एजेंट के परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक एलआईसी एजेंट अनिल सिंह का एक महिला से फोन पर प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ महीने पहले अनिल को एक महिला का फोन आया और उसने मीठी-मीठी बातों में फंसा लिया। महिला ने बुधवार को उसे खाने पर बुलाया।
महिला के बुलावे पर वह खाना खाने जा रहा था। इसी दौरान जगदीशपुर गांव के पास एक पुलिया पर कुछ लोगों ने अनिल को रोका और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बेहोश होने पर बदमाशों ने अनिल को पुलिया के नीचे फेंक दिया। अनिल सिंह का कहना है कि महिला भी बदमाश के साथ आई थी।
पुलिस का कहना है कि अनिल के मोबाइल की कॉल डिटेल चेक की जा रही है। जिस महिला से अनिल की बात होती थी उससे संपर्क करने की कोशिश की कर रहे हैं। महिला का नंबर फिलहाल स्विच ऑफ आ रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी कर रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

