बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजद सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के जल्दी स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि मेरी शुभकामना है की लालू जी जल्द स्वस्थ हो जाएं। उन्होंन तेजस्वी पर तंज कसते हुए कहा कि पहले तो हम फ़ोन कर हालचाल लेते थे लेकिन उनका जो ख्याल रखता था वो क्या-क्या बोलने लगा था। इसके बाद से हम समाचार माध्यम से जानकारी लेते हैं।

रिम्स से एयर एंबुलेंस से दिल्ली लाया गया था

आपको बता दें कि रांची में रिम्स के पेईंग वार्ड में भर्ती राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली एम्स में भर्ती किया गया था। एम्स के कार्डियोलॉजी विभाग के प्रोफेसर राकेश यादव के नेतृत्व में उनका इलाज शुरू हुआ है। उन्हें कार्डियो न्यूरो सेंटर में दूसरे तल पर कार्डिएक आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है। 16 बीमारियों से घिरे होने की वजह से सभी विशेषज्ञता वाले वरिष्ठ डॉक्टरों का एक पैनल देर रात तक गठित हो जाएगा, तब तक वे डॉक्टर राकेश यादव की टीम के नेतृत्व में उपचार कराएंगे। लालू को शनिवार की शाम लगभग 6 बजे रांची रिम्स से एयर एंबुलेंस से दिल्ली लाया गया था।

रिम्स प्रबंधन के फैसले के बाद रांची रिम्स से दिल्ली एम्स रेफर

रिम्स के आठ विभागाध्यक्षों को मिलाकर बने मेडिकल बोर्ड ने उनके हार्ट की स्थिति का आकलन करने के बाद उपचार के लिए उन्हें दिल्ली एम्स रेफर किया है। दरअसल शुक्रवार को उनके एनटी प्रो बीएनपी टेस्ट की रिपोर्ट में कुछ गड़बड़ी पाई गई। चिकित्सकों के अनुसार यह ब्लड टेस्ट मरीज के हार्ट फेल्योर की स्थिति का आकलन करने के लिए किया जाता है। इधर रिम्स प्रबंधन की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में लालू प्रसाद के ब्लड टेस्ट में सामान्य संक्रमण की पुष्टि हुई है। रिम्स के अधीक्षक डॉ विवेक कश्यप के अनुसार शुक्रवार को एक्सरे में लेफ्ट लोअर न्यूमोनिक पैच पाया गया था, जो यथावत है। शनिवार को एचआर सीटी स्कैन की रिपोर्ट में चेस्ट में न्यूमोनिया की भी पुष्टि हुई है। संक्रमण का इलाज चल रहा है। रिपोर्ट की गंभीरता को देखते हुए स्टेट मेडिकल बोर्ड ने लालू प्रसाद को एम्स रेफर कर दिया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *