विक्रमशिला पुल पर एक बार फिर से जाम लगने का सिलसिला शुरू हो गया है। इस कारण लोगों की परेशानी बढ़ गयी है। मंगलवार को सुबह पांच बजे से ही लोगों को जाम से जूझना पड़ा।

पूर्णिया, खगड़िया, कटिहार आदि जगहों पर जाने वाले यात्रियों को परेशानी हुई। जाम साढ़े 10 बजे के बाद टूटा। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बताया गया कि सुबह पांच बजे के आसपास विक्रमशिला पुल के पोल नंबर 136 पर ट्रक का हैडर टूट गया था। इस कारण जाम लग गया था। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस सजग हुई और गाड़ी को वनवे चलाया। यातायात प्रभारी टीओपी दुबे देवगुरु ने बताया कि ट्रक में आयी खराबी के कारण मिस्त्री को बुलाना पड़ा। इसके बाद गाड़ी को जाह्ववी चौक टीओपी पर लगाना पड़ा। साढ़े 10 बजे के बाद दोनों तरफ से गाड़ियां चलने लगीं।

परिवहन निगम की बसें भी फंसीं

उधर, जाम के कारण बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बसें भी अपने-अपने स्थान पर आधे घंटे की देरी से पहुंची। क्षेत्रीय प्रबंधक संचालन रामनारायण दुबे ने बताया कि पुल पर जाम लगने के कारण कुछ देर तक बसें रुकी रहीं। हालांकि वनवे हो जाने के बाद बस निकल गयी। खगड़िया, पूर्णिया जाने वाली बस आधे घंटे के विलंब से पहुंची।

मुस्लिम हाई स्कूल लेकर तातारपुर तक जाम

जाम की समस्या शहरी क्षेत्र में भी बढ़ गयी है। मंगलवार को मुस्लिम हाई स्कूल लेकर तातारपुर तक भीषण जाम लगा था। इसके कारण लोग असानंदपुर होकर कोतवाली चौक पहुंचे। परबत्ती के सुमित ने बताया कि उनको खलीफाबाग चौक जाना था लेकिन जाम के कारण वह असानंदपुर होकर विक्रमशिला कॉलॉनी होते हुए खलीफाबाग गये। वहीं, लोहिया पुल के बाद भी दोपहर 12 बजे जाम लगा था। सड़क किनारे टोटो जैसे-तैसे खड़े थे। इस कारण लोगों को काफी दिक्कत हुई। ऐसी ही स्थिति कलाली गली से लेकर लोहापट्टी तक थी। कई लोग सब्जी, टोकरी आदि की सड़क पर रखे हुए थे। इस कारण जाम लग गया। इससे पूर्व जीरोमाइल में दोपहर 12 से एक बजे तक जाम लगा था। इस कारण स्कूली बच्चों को भी जाम में फंसना पड़ा। उधर ट्रैफिक प्रभारी ब्रजेश कुमार ने बताया कि तातारपुर तक पुलिस थी अब मुस्लिम हाई स्कूल तक पुलिस की तैनाती की जायेगी। इसके साथ सड़क किनारे सामान रखने वाले को भी हटाया जायेगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *