विक्रमशिला पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य के आठवें दिन ठेका एजेंसी रोहरा रिबिल्ड एसोसिएट्स ने 34 मीटर लंबा क्षतिग्रस्त स्पेंडेड स्पैन के उत्तरी तरफ के दोनों सेंटर का पोट बियरिंग बदल दिया है। ठेका एजेंसी के इंजीनियरों ने बताया कि तय समय से पहले ही पुल का मरम्मत कार्य पूरा हो जाएगा। यदि प्रशासनिक अधिकारी आदेश देंगे, तो दुर्गा पूजा से पहले बाइक व हल्के वाहनों के चलने के लिए पुल पर लगे बैरियर को खोला जा सकता है। इंजीनियरों के इस सुझाव के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि दुर्गा पूजा से पहले लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।

कार्य योजना के बारे में इंजीनियरों ने बताया कि स्पेंडेड स्पैन के दोनों तरफ के एक्सपेंशन ज्वाइंट के ढलाई का काम आठ अक्टूबर को होगा। ढलाई के बाद मजबूती के लिए इसे सात दिन 15 अक्टूबर तक ब्लॉक रखा जाएगा। इस पर पानी देने का काम किया जाएगा। 15 के बाद लोड वेरिफिकेशन कराकर प्रशासन जब चाहे सेतु का उपयोग कर सकता है। गौर हो कि सेतु के पाया संख्या दो और तीन के बीच आर्टिकुलेशन के स्पेंडेड स्पैन में दरार की मरम्मत के लिए 28 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ट्रैफिक ब्लॉक किया गया है।

आज स्पेंडेड स्पैन को उठाया जाएगा

शुक्रवार को राज्य पुल निर्माण निगम की निगरानी में हो रहे मरम्मत कार्य के दौरान स्पैन को सफलतापूर्वक पोट बियरिंग पर रख दिया गया। एजेंसी ने एक्सपेंशन ज्वाइंट का फिटिंग काम भी कर लिया है। निगम के इंजीनियरों ने बताया कि अब शनिवार को दूसरी तरफ यानी दक्षिण के तरफ में स्पेंडेड स्पैन को हाइड्रोलिक जैक पर उठाया जाएगा और पोट बियरिंग बदली जाएगी। शनिवार को मरम्मत काम के लिए पुल पर लटक रहे जाली का बना झूला भी उत्तर से हटा कर दक्षिण किया जाएगा। ताकि काम सहूलियत से और बिना देरी के हो सके। इंजीनियरों ने बताया कि रविवार को एक्सपेंशन ज्वाइंट को फिट किया जाएगा।

शुक्रवार को विक्रमशिला सेतु पर इंजीनियरों की निगरानी चल रहे मरम्मत के कार्य में जुटे मजदूर।

सेतु पर स्ट्रेचर मिलने से लोगों को काफी सुविधा हो गई है। शुक्रवार की शाम को नवगछिया के राजेन्द्र प्रसाद साह को स्ट्रेचर से विक्रमशिला पुल पार कराया गया। इनका इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा था।

सेतु मरम्मत की रिपोर्ट नहीं भेजने पर मांगा जवाब

भागलपुर। विक्रमशिला सेतु की मरम्मत की रिपोर्ट रोज पुल निर्माण निगम को सदर एसडीओ को देनी है। लेकिन नियमित रिपोर्ट नहीं दी जा रही है। इस लापरवाही पर सदर एसडीओ ने पुल निर्माण निगम के सहायक इंजीनियर पामित साही को पत्र लिखकर जवाब मांगा है। कहा है कि कार्य का विवरण नियमित देना है, ताकि आकलन किया जा सके कि कार्ययोजना के मुताबिक मरम्मत हो रही है या नहीं। रोज ई-मेल से रिपोर्ट भेजनी थी। आखिर नियमित रूप से क्यों नहीं रिपोर्ट भेजी जा रही है, इसका जवाब दें।

कल होगी एक्सपेंशन ज्वाइंट की ढलाई

उन्होंने बताया कि पुल के पाया संख्या दो और तीन के बीच सबसे खराब पार्ट स्पेंडेड स्पैन के दोनों तरफ के एक्सपेंशन ज्वाइंट की ढलाई सोमवार को की जाएगी। इसकी ढलाई के लिए पुल पर मेटेरियल सीमेंट, बालू आदि का स्टॉक कर लिया गया है। ढलाई के साथ-साथ एक सैंपल भी ढाला जाएगा। यह सैंपल वाहनों के लोड को जांचने में मददगार होगी। इसकी जांच लेबोरेटरी में होगी। जिससे देखा जाएगा कि वाहनों का लोड यह किस तरह से ले सकता है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *