अगले कुछ दिनों तक स्कूली बच्चों, कॉलेज के स्टूडेंट्स से लेकर बैंक और सरकारी कर्मचारियों की होगी बल्ले-बल्ले। दरअसल अगले कुछ दिनों तक दीपावली से लेकर छठ तक छुट्टियों की भरमार रहेगी। स्टूडेंट्स जहां 10 दिनों तक छुट्टियां एंज्वाय करेंगें वहीं बैंक और सरकारी कर्मचारी 4 दिनों तक छुट्टियां मनाएंगे।

अब 16 नवंबर को सरकारी स्कूल और कॉलेज खुलेंगे
दीपावली और छठ को लेकर मंगलवार से स्कूल और कॉलेजों में दस दिनों की छुट्टियां शुरू हो गईं। अब 16 नवंबर को सरकारी स्कूल और कॉलेज खुलेंगे। पूर्णिया विवि की ओर से कॉलेजों में 6 नवंबर से 15 नवंबर तक की छुट्टी दी गई है। पिछले पांच महीने में यह पहला मौका है जब कॉलेज बंद हो रहे हैं। पिछले पांच महीने से रविवार को भी कॉलेज खुले रहे। पार्ट वन और इंटर में नामांकन को लेकर बोर्ड के निर्देश पर कॉलेजों में कार्यालय का संचालन पांच महीने लगातार किया गया। मंगलवार को पूर्णिया कॉलेज में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि विवि के सुरक्षाकर्मी जरूर तैनात नजर आए। विवि के प्रशासनिक भवन पर भी सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी देखी गई। इधर, प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा के परिणाम की घोषणा के अगले दिन से छुट्टियों का सिलसिला शुरू हो गया। माध्यमिक विद्यालयों में भी 15 तक छुट्टियां हैं। जबकि अधिकांश निजी स्कूलों में भी 15 नवंबर तक अवकाश है। 15 नवंबर गुरुवार है। इसलिए कुछ निजी स्कूलों ने 19 नवंबर यानी सोमवार को स्कूल खोलने का निर्णय लिया है।

सात दिन में चार दिन बंद रहेंगे बैंक 
अगले सात दिन में चार दिन बैंक बंद रहेंगे। जानकारी के मुताबिक सात नवंबर को दीपावली, 10 नवंबर को दूसरा शनिवार, 11 नवंबर को रविवार और 13 व 14 नवंबर को छठ का अवकाश है। बैंक के जानकारों का मानना है कि जिन ग्राहकों को महापर्व छठ के लिए नकद की जरूरत है, वे आठ और नौ नवंबर को ही बैंक से निकासी कर लें। बीच में 11 नवंबर को ही बैंक खुलेगा। उस दिन बैंक में काफी भीड़भाड़ रहने की संभावना है। आमतौर पर बैंकों के बंद रहने और निकासी ज्यादा होने पर अधिकांश एटीएम भी कैशलेस हो जाते हैं। इस लिहाज से 13 व 14 नवंबर को एटीएम का भी भरोसा मुश्किल है।

सरकारी दफ्तरों में भी चार दिन का अवकाश 
दीपावली से लेकर छठ के बीच सरकारी दफ्तरों में चार दिन का अवकाश रहेगा। एक दिन दीपावली और दो दिन छठ की छुट्टी है। बीच में एक दिन रविवार का अवकाश है। हालांकि आपातकालीन सेवाओं को निरंतर जारी रखा जाएगा। बाद में इनके कर्मचारियों का अवकाश समायोजित किया जाएगा। बीच में चार दिन दफ्तर खुलेंगे भी तो गहमागहमी बिल्कुल कम रहने की संभावना है। आमतौर पर रूटीन कार्य और लंबित कार्यों के ही निपटारे की कोशिश की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *