खगड़िया पुलिस ने सोमवार की शाम मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नन्हकू मंडल टोला स्थित गंगा नदी के मरगन घाट के पास छापेमारी कर हथियार के साथ दो तस्कर को धर दबोचा। हालांकि इस दौरान एक तस्करी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।
गिरफ्तार इन दोनों तस्करों के पास से पुलिस ने एक कार्बाइन, दो देसी पिस्तौल व एक मैग्जीन भी बरामद किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की। गिरफ्तार बिरजु यादव सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र स्थित हसुलिया गांव के व रविश यादव मुफ्फसिल थाना क्षेत्र मथार गांव का रहने वाला है।

एसपी मीनू कुमारी ने प्रेस कांफ्रेंस कर पूरी जानकारी दी। एसपी ने बताया कि दोनो तस्कर सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर में हथियार की डिलवरी देने जा रहा था कि इसी बीच मुफ्फसिल पुलिस को इसकी भनक मिली। पुलिस ने देर किये बिना मरगन घाट की घेराबंदी कर दी।
एसपी ने बताया कि दोनों तस्कर हथियार को एक बैग में लेकर डिलवरी देने के लिए जा रहा था। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों तस्करों के अपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। एसपी ने कहा कि छापेमारी में शामिल पुलिस को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रेस कांफ्रेस में एसडीपीओ आलोक रंजन, थानाध्यक्ष शंभू पासवान आदि मौजूद थे।


