इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2021 के रिजल्ट का इंतजार कर रहे परीक्षार्थियों के लिए खुशखबरी है. होली से पहले ही आज या कल इंटर का रिजल्ट जारी हो सकता है. पिछले वर्ष 2020 में इंटर का रिजल्ट 24 मार्च को जारी कर दिया गया था. पिछले वर्ष के अनुसार ही स्टूडेंट्स इस बार भी रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं.
बोर्ड के सूत्रों ने बताया कि रिजल्ट जारी करने की प्रक्रिया चल रही है. टॉपर का इंटरव्यू बुधवार को समाप्त हो गया है. बिहार बोर्ड अपनी आधिकारिक वेबसाइट्स पर रिजल्ट जारी करेगा. बिहार बोर्ड ये रिजल्ट अपनी आधिकारिक वेबसाइट www.onlinebseb.in और www.biharboardonline.gov.in पर रिजल्ट जारी करेगा.
रिजल्ट जारी होने के बाद आप इस वेबसाइट पर अपना रॉल नंबर और रॉल कोड डालकर रिजल्ट देख सकते हैं. इसके अलावा एसएमएस (SMS) और आईवीआरएस (IVRS) के जरिए भी रिजल्ट प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी. इसकी डीटेल बिहार बोर्ड जल्द ही जारी करेगा.

उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन समाप्त होने के बाद सभी क्षेत्रीय कार्यालय से इंटर टॉपर की कॉपियां मंगायी गयी थी. इसके बाद इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू हुई थी. इस बार इंटर परीक्षा में 38 जिलों के 1,473 केंद्रों से 13,50,233 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिसमें 7,03,693 छात्र जबकि 6,46,540 छात्राएं थी. इंटर की परीक्षा एक से 13 फरवरी तक आयोजित की गयी थी. कॉपियों का मूल्यांकन पांच मार्च से 20 मार्च तक चला था. इसमें अधिकांश मूल्यांकन केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य 17 मार्च तक समाप्त हो गयी थी.
ऑनलाइन प्रक्रिया होने से रिजल्ट का प्रकाशन जल्द हो जा रहा है. इस कारण इस बार भी इंटर परीक्षार्थियों को रिजल्ट का इंतजार है. सूत्रों के अनुसार आज-कल में कभी भी रिजल्ट जारी हो सकता है. क्षेत्रीय कार्यालय में जमा किये गये मार्क्स फ्वॉयल एवं अवार्ड शीट से भी मार्क्स का वेरिफिकेशन हो गया है
ऐसा माना जा रहा है कि इस बार बिहार बोर्ड पूरे देश में सबसे पहले 12वीं की परीक्षा का रिजल्ट देने वाला बोर्ड बन जाएगा. ऐसा इसलिए क्योंकि सीबीएसई और आइसीएसई सहित कई राज्यों के बोर्ड अभी रिजल्ट जारी करना तो दूर, परीक्षा भी नहीं ले पाए हैं. कुछ साल पहले तक बिहार में भी इंटर का रिजल्ट मई से जून के बीच आता था.
सबसे पहले बिहार बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाना होगा.
इसके बाद वेबसाइट पर दिए गए रिजल्ट के लिंक पर क्लिक करना होगा.
अब रोल नंबर और रोल कोड सबमिट कर करना होगा.
आपका रिजल्ट स्क्रीन पर आ जाएगा.
अब अपने रिजल्ट को चेक कर उसका प्रिंट निकाल लें.


