नवगछिया : जन सरोकार के मुद्दे पर जन अधिकार युवा परिषद ने 15 सितंबर को भागलपुर बंद का आह्वान किया है. परिषद के प्रदेश अध्यक्ष चक्रपाणि हिमांशु ने नवगछिया में पत्रकारों को एक प्रेस नोट जारी करते हुए कहा है कि भागलपुर और नवगछिया के विभिन्न मुद्दों बंद का आह्वान किया गया है. बंदी से पूर्व नवगछिया में धरना सभा का भी आयोजन किया जायेगा. पार्टी के विभिन्न मुद्दों में पारिवारिक जनगणना के आधार पर बाढ़ पीड़ितों को दस दिनों के अंदर राहत राशि का भुगतान करने, वास्तव में खेती करने वाले किसानों को प्रति हैक्टेयर 30 हजार का मुआवजा देने, मरे हुए पशुओं, क्षतिग्रस्त भवनों, तीन माह मुफ्त राशन देने, किसानों का कर्ज माफ करने की मांग सरकार से किया गया है. इसके अलावा सरकारी अस्पताल में प्रतिदिन डॉक्टर और दवाई की व्यवस्था करने, सरकारी डॉक्टर का प्राइवेट क्लीनिक बंद करने, प्राइवेट क्लिनिक चलाने वाले डॉक्टरों के डिग्री जाँच करने, 100 रुपया फ़ीस निर्धारित करने, जाँच के नाम पर मोटी रकम की वसूली बंद करने, जाँच करने वाले डॉक्टरों की डिग्री जाँच करने की मांग की गयी है. जन वितरण प्रणाली में वयाप्त भ्र्रष्टाचार को बंद करने एवं अप्रैल, मई, जून में हुए राशन उठाव और वितरण कि जाँच करने की मांग की गयी है.

