ट्रक और मोटरसाइकिल की टक्कर में पति पत्नी सहित चार लोग घायल ,

,,घायलों में दो बच्चे भी शामिल, सभी घायलों की स्थिति नाजुक, मायागंज रेफर

नवगछिया:- रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानीपुर शिव मंदिर चौक के समीप एनएच 31 सड़क मार्ग पर दोपहर के लगभग 2 बजे कुर्सेला की तरफ से नवगछिया की ओर जा रहे मोटरसाइकिल सवार चार लोगों को विपरीत दिशा से अनियंत्रित गति से आ रही डब्लू बी 65 सी 1749 नंबर की ट्रक ने सामने से जोरदार धक्का मार दिया. जिससे कि बाइक पर सवार पति-पत्नी एवं उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना रंगरा पुलिस को दी. इसके बाद मौके पर पहुंची रंगरा पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नवगछिया स्थित अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. जहां पर चारों घायलों का प्राथमिक उपचार कर घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए मायागंज रेफर कर दिया गया. घायल सभी चारों लोग एक ही परिवार के बताए जाते हैं जिनमें दो पति पत्नी है. और इनके दो बच्चे हैं. इनमें से दोनों बच्चे एवं बाइक चला रहे युवक की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है. दुर्घटना के बाद रंगरा पुलिस ने घायल के परिजनों को मोबाइल के माध्यम से सूचना दी. इसके बाद घायल के परिजन अनुमंडल अस्पताल पहुंचे और सभी घायलों को मायागंज अस्पताल ले गए. घायलों की पहचान अररिया जिला के बैरगाछी थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरगाछी निवासी राजकुमार साह के पुत्र अनिल शाह, उनकी पत्नी खुशबू देवी एवं उनके 8 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार, 4 वर्षीय अंश कुमार के रूप में की गई है. मिली जानकारी के अनुसार सभी चारों लोग अपने घर अररिया जिले के बैरगाछी से एक ही मोटरसाइकिल से नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत गोपालपुर थाना क्षेत्र के पंचगछिया अपने ससुराल जा रहे थे. इसी दौरान रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर शिव मंदिर के पास विपरीत दिशा से अनियंत्रित गति से आ रही ट्रक ने सामने से जोरदार धक्का मार दिया जिसके फलस्वरुप चारों लोग गंभीर रुप से घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पश्चिम दिशा से आ रही अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार को सामने से इतना जोरदार धक्का मारा कि बाइक सवार व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल ट्रक के नीचे घुस गया. और ट्रक ने मोटरसाइकिल सहित बाइक सवार को कुछ दूरी तक घसीटते लेकर चला गया. जबकि बाइक सवार व्यक्ति की पत्नी एवं बच्चे सड़क किनारे जा गिरे जिससे कि उन तीनों की जान बच गई. दुर्घटना के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का चालक एवं खलासी भागने का प्रयास करने लगे. इसी दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने ट्रक के भाग रहे खलासी को दबोच लिया. जबकि मौके का फायदा उठा कर चालक भागने में सफल रहा. मौके से दुर्घटना ग्रस्त ट्रक को रंगरा पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर रंगरा थाने ले गई. इस बाबत देर शाम तक ट्रक चालक के विरुद्ध रंगड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *