बरारी थाना क्षेत्र के रहने वाले कुख्यात कारू यादव को पुलिस ने नवगछिया के बिहपुर स्थित बभनगामा गांव से गिरफ्तार कर लिया है। उसके अलावा ललमटिया में 28 जनवरी को राजेश हत्याकांड के आरोपी राजीव रंजन को भी पुलिस ने बभनगामा से ही गिरफ्तार किया। इधर, लोदीपुर थाना क्षेत्र में दो गांजा तस्करों को पुलिस ने तीन किलो गांजा के साथ गिरफ्तार कर लिया। इसे लेकर डीएसपी सिटी प्रकाश कुमार और लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी गौरव कुमार ने गुरुवार को कोतवाली में संयुक्त प्रेस वार्ता की और अपराधियों एवं तस्करों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। इस दौरान ललमटिया थाानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार और बरारी थानाध्यक्ष अमित कुमार भी मौजूद थे।

बरारी में मछुआरे को गोली मारी थी कारू ने

बरारी थाना क्षेत्र में 10 जनवरी को नदी में मछली मारने गये मछुआरे राजेश कुमार को गोली मारकर घायल करने का आरोपी है कारू यादव। राजेश ने बताया था कि प्रत्येक डेंगी पर कारू 15 हजार रुपये रंगदारी की मांग कर रहा था। पैसे देने से मना करने पर उसने गोली चला दी थी, जिसमें राजेश घायल हो गया था। कारू यादव पर बरारी थाना में हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, रंगदारी और चोरी आदि के एक दर्जन मामले दर्ज हैं। वह इससे पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है। पुलिस उसके विरुद्ध सीसीए का भी प्रस्ताव भेजेगी, ताकि उसे जल्द जमानत नहीं मिल सके। डीएसपी सिटी प्रकाश कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि उनके नेतृत्व में टीम उन अपराधियों की तलाश कर रही थी, जिसमें तिलकामांझी थानाध्यक्ष राजरतन कुमार और ललमटिया थानाध्यक्ष के साथ ही तकनीकी शाखा के बच्चन कुमार शामिल थे। पुलिस जब राजीव और कारू की तलाश में गये थे वे दोनों ही बभनगामा गांव में एक व्यक्ति के घर सो रहे थे। दोनों की पहचान करने के बाद उन्हें भागलपुर लाया गया।

गांजा मामले में रेलकर्मी की भी संलिप्तता, तस्करों ने दी जानकारी

लोदीपुर थाना क्षेत्र में लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी गौरव कुमार के नेतृत्व में गांजा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की गयी। डीएसपी गौरव कुमार ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान उन्हें पकड़ा गया। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे अगरतला से गांजा लेकर आ रहे हैं। गांजा तस्कर चंदन नवगछिया के परबत्ता थाना क्षेत्र के छोटी अलालपुर का रहने वाला है, जबकि दूसरा तस्कर जयकिशोर मंडल अकबरनगर थाना क्षेत्र के कोदरा भिट्ठी का रहने वाला है। उनके पास से स्कॉर्पियो भी जब्त किया गया है। डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में अगरतला में रेलवे में ग्रुप डी कर्मी कुणाल की संलिप्तता सामने आई है। वह बरियारपुर का रहने वाला है। उसपर भी केस दर्ज करने की बात उन्होंने बताई है। गांजा तस्करों ने बताया कि वे अगरतला से चार हजार रुपये किलो गांजा खरीदकर ला रहे थे जो भागलपुर में 10 हजार रुपये किलो बेचते।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *